योगी सरकार के मंत्री बोले- कांवड़ियों को दिक्कत हुई तो अफसरों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
शामली जनपग में कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र के विधायक व गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा गंभीर नजर आए। शनिवार को नगर पंचायत सभागार में जनता दर्जन के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा की कस्बे की व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यदि कांवड़ियों को दिक्कत हुई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को गन्ना राज्य मंत्री सुरेश राणा ने सीओ प्रदीप सिंह, अधिशासी अधिकारी मेघा गुप्ता, चेयरमैन पति इंतजार अजीज, थाना प्रभारी संदीप बालियान को बुलाकर संयुक्त मीटिंग की। इस दौरान मंत्री ने कहा कि बूढ़ाबाबू तालाब से लेकर ऊन तिराहे पर सड़क के सभी गड्ढे भरे जाएं। जहां भी जलभराव होता है, उसका समाधान किया जाए। सड़क की पूरी तरह सफाई हो और मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण हटाया जाए। इसके अलावा भी कांवड़ यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त किया जाए, ताकि कांवड़ियों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया।
मीट की दुकानें तुरंत बंद हो
मीटिंग के दौरान गन्ना राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि कस्बे और आसपास के क्षेत्र में चल रही मीट की दुकानों को तुरंत बंद कराया जाए। यदि कहीं मीट की दुकानें चलती पाई गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मीट की दुकानें चलने से किसी भी प्रकार की घटना हो सकती है।
अंडरपास से तुरंत हो पानी की निकासी
मंत्री ने निर्देश दिए कि कस्बे के चारों अंडरपास में जलभराव का अस्थाई समाधान करने की जिम्मेदारी नगर पंचायत की है। जब भी बारिश आए, नगर पंचायत की जिम्मेदारी है कि वह तुरंत ट्रैक्टर या अन्य संसाधन से तुरंत पानी की निकासी कराए, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। बताया कि इसके लिए उन्होंने रेलवे के डीआरएम से वार्ता की है। जल्द ही अंडरपास के ऊपर टीनशेड डालने का काम किया जाएगा।
सभी तालाबों का हो सौंदर्यीकरण
इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द कार्ययोजना तैयार कर कस्बे के सभी तालाबों की खुदाई कर उनका सौंदर्यीकरण किया जाए। इसके लिए अधिकारी आपसी तालमेल से योजना तैयार करें और फिर पुलिस प्रशासन की मदद से तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाए।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/