सेंट मेरीज व सोफिया सहित कैंट के स्कूलों पर करोड़ों बकाया, होगा ‘वसूली का समझौता’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार सुबह 11 बजे कैंट बोर्ड की बैठक शुरू हुई। एजेंडा रखा गया कि कैंट बोर्ड क्षेत्र में सेंट मेरीज, सोफिया, सेंट जोंस, करन पब्लिक स्कूल और दर्शन एकेडमी को छोड़कर सभी स्कूल टैक्स दे रहे हैं। सेंट जोंस और सेंट मेरीज पर करोड़ों रुपये का टैक्स है, जिसके खिलाफ दोनों स्कूल कोर्ट जा चुके हैं। सेंट जोंस मामले में कोर्ट निर्णय दे चुका है कि स्कूल की बिल्डिंग का टैक्स नहीं लगेगा। अगर किसी बिल्डिंग का उपयोग दूसरे कार्य के लिए हो रहा है, तो उस पर टैक्स लगाया जा सकता है।
इस मामले में कैंट बोर्ड के पास एसएलपी दायर करने के लिए नौ अक्टूबर तक का समय है। बोर्ड उपाध्यक्ष विपिन सोढ़ी और अनिल जैन ने प्रस्ताव रखा कि स्कूल इस मामले को कोर्ट की बजाय बोर्ड बैठक में निपटाने के लिए तैयार हैं। तय हुआ कि बोर्ड उपाध्यक्ष और सदस्य स्कूलों के साथ दो-तीन दिन में मीटिंग करेंगे।
मंगलपांडे मार्केट में बनाई जा रहीं 80 फड़ के मामले में तय हुआ कि इनका किराया 1500 रुपये महीने रखा जाएगा। फड़ बनाने में जो खर्च आएगा, उसे आवंटी ही वहन करेगा। एक मॉडल फड़ बनाकर खर्चे का आकलन किया जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि फड़ के नवीनीकरण की समय सीमा तय की जाए। इस पर लीगल राय लेने की बात कहते हुए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया।
साउथ एंड रोड पर बंगले में आवासीय निर्माण के लिए मंजूरी के मामले में डीईओ द्वारा पत्र नहीं मिलने की बात कही गई, तो सदस्य मंजू गोयल ने कहा कि यह प्राइवेट भूमि है। इस पर डीईओ का प्रबंधन नहीं है। इस मामले को बोर्ड उपाध्यक्ष विपिन सोढ़ी और सदस्य अनिल जैन ने अगली बोर्ड बैठक में रखने को कहा तो मंजू गोयल ने कहा कि अवैध निर्माण हो गए, फ्लैट बन गए लेकिन किसी ने नहीं देखा।
फिर इस मामले में आज ही निर्णय क्यों नहीं लिया जा रहा है। सीईओ इस मामले को खुद देखकर अगली मीटिंग में निर्णय लें। अनुज सिंह द्वारा हाईकोर्ट में बर्खास्तगी के खिलाफ याचिका मामले में निर्णय लिया गया कि इस मामले में पिटीशन दायर कराई जाएगी। सदस्य रिनी जैन ने अपने वार्ड में जैन मंदिर के निर्माण की फाइल गायब होने का मामला उठाया। सीईओ ने आश्वासन दिया कि इस मामले का जल्द निस्तारण कर दिया जाएगा।
सेना की जमीन पर बांबे बाजार में चल रही पार्किंग
एडम कमांडेंट रोहित पंत ने प्रस्ताव रखा कि हनुमान चौक से भूसा मंडी वाली रोड ए-वन लैंड में आती है, जिसकी देखरेख सेना करती है। जबकि औघड़नाथ मंदिर और मिलिट्री अस्पताल वाली रोड सी लैंड होने की वजह से उसकी देखरेख कैंट बोर्ड करता है। इस रोड पर सेना की कई महत्वपूर्ण यूनिट हैं, अस्पताल हैं। इसके बाद भी रोड की हालत खराब रहती है।
प्रस्ताव दिया कि हनुमान चौक से भूसा मंडी वाली रोड को सी लैंड और औघड़नाथ वाली रोड को ए-वन लैंड में परिवर्तित कर सकते हैं। इस पर सदस्य अनिल जैन ने आपत्ति कर दी। उन्होंने कहा कि सेना कल को मंदिर के बाहर रास्ता बंद कर देगी, तो क्या होगा। इस पर एडम कमांडेंट ने कहा कि सेना ऐसा क्यों करेगी, आज तक बांबे बाजार में ए-वन लैंड होने के बाद पार्किंग का विरोध नहीं किया।
हम भी पार्किंग हटवा सकते हैं। इस तरह की बात गलत है। इस पर बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि आपको औघड़नाथ रोड का लैंड यूज बदलने पर आपत्ति है, तो उससे आगे की जमीन का कर सकते हैं। इस पर बहस हुई। इस मामले में अगली बैठक में चर्चा होगी।
दीवाली से पहले जगमग होगा आबूलेन
पूर्व उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने कहा कि दशहरा और दीवाली नजदीक हैं। आबूलेन अंधेरे में डूबा है। दिवाली से पहले आबूलेन पर लाइटें लगवाई जाएं। सभी वार्डों को 10-10 लाइटें दी जाएं। सीईओ ने कहा कि जल्द ही आबूलेन पर लाइटें लग जाएंगी, टेंडर भी आ गया है।
इस दौरान कर्नल रोहित पंत का तबादला होने के बाद उनके स्थान पर आए नए एडम कमांडेंट कर्नल एस सतवालकर का स्वागत किया गया। बैठक में बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनमोल सूद, सीईओ प्रसाद चव्हाण, उपाध्यक्ष विपिन सोढ़ी, पूर्व उपाध्यक्ष बीना वाधवा, बुशरा कमाल, रिनी जैन, नीरज राठौर, मंजू गोयल, अनिल जैन, धर्मेंद्र सोनकर, एडम कमांडेंट कर्नल रोहित पंत, जीई साउथ एनए मैतेई सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।