Meerut: फैंटेसी वाटर पार्क में महिलाओं से छेड़छाड़, मारपीट, पुलिस ने लाठियां फटकार आरोपियों को दौड़ाया
मेरठ के परतापुर में वॉटर पार्क में महिलाओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यहां तीन महिलाओं के साथ यहां मौजूद कर्मियों ने छेड़छाड़ की गई वहीं विराध करने पर बाउंसर्स ने उनके साथ बदसलूकी की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के परतापुर के फैंटेसी वर्ल्ड वाटर मनोरंजन पार्क में शुक्रवार दोपहर तीन महिलाओं के साथ कर्मचारियों ने छेड़छाड़ कर दी। महिलाओं ने विरोध किया तो बाउंसरों ने कार्रवाई करने की बजाय उल्टा बदसलूकी कर दी। महिलाओं की सूचना पर गांव से परिजन और अन्य ग्रामीण पहुंच गए।
यहां पार्क के कर्मचारियों और महिलाओं के परिजनों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इससे अफरातफरी मच गई। बाद में परतापुर पुलिस ने लाठियां फटकार आरोपियों को दौड़ाया। महिलाओं की तहरीर पर वाटर पार्क के कर्मचारियों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
परतापुर दिल्ली-दून हाईवे पर फैंटेसी वर्ल्ड वाटर मनोरंजन पार्क है। शुक्रवार दोपहर ब्रह्मपुरी की एक फाइनेंस कंपनी का स्टाफ यहां घूमने गया था। स्टाफ में तीन महिलाएं भी थीं। पार्क में जाने पर सभी को कपड़े बदलने होते हैं।
महिलाएं कपड़े बदलकर नहाने लगीं तो आरोप है कि लाइफ गार्ड ने उनके साथ छेड़छाड़ कर दी। उन्होंने विरोध करते हुए वहां तैनात बाउंसरों से शिकायत की। आरोप है कि बाउंसरों ने मदद करने की बजाय चुप रहने को कहा और बाउंसरों ने भी उनसे बदसलूकी की। एक महिला का गांव परतापुर के पास ही है। उसने छेड़छाड़ की जानकारी गांव में दी तो वहां से परिजन और अन्य लोग पहुंच गए।
इसके बाद महिला के परिजनों और वाटर पार्क के स्टाफ में मारपीट हो गई। लाठी-डंडे चल गए। सूचना पर पहुंची परतापुर पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी। अफरातफरी के बीच वाटर पार्क के कर्मचारी फरार हो गए।
पुलिस महिलाओं के परिजनों को पकड़कर थाने ले गई। महिलाओं ने थाने पहुंचकर बताया कि सारी गलती वाटर पार्क के कर्मचारियों की है। इसके बाद मारपीट में घायल महिलाओं के परिजनों की डॉक्टरी कराई गई। महिलाओं की ओर से वाटर पार्क के स्टाफ के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है।
नियमों की अनदेखी तो नहीं
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने परतापुर पुलिस से रिपोर्ट मांगी है कि यहां पर कितने कैमरे लगे हैं। कितने चल रहे थे। लोगों की किस तरह एंट्री होती है। जहां महिलाएं नहाती हैं, वहां महिला लाइफ गार्ड हैं या नहीं। पार्क के पूरे स्टाफ में कितनी महिलाएं और कितने पुरुष हैं। इन सबके बारे में ब्योरा मांगा गया है।
वाटर पार्क में मची भगदड़, रोने लगे बच्चे
वाटर पार्क में आधा घंटे से ज्यादा समय तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान वाटर पार्क में गए दूसरे लोग भयभीत हो गए। दोनों पक्षों में मारपीट हुई तो भगदड़ मच गई। बच्चे रोने लगे। बाहर सड़क तक अराजकता का माहौल हो गया। लोगों का कहना था कि मारपीट में वे भी घायल हो सकते थे। पुलिस ने लाठियां फटकार कर स्थिति संभाली। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि महिलाओं की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। कितने कैमरे लगे हैं, कितने काम कर रहे हैं, ये भी देखा जा रहा है। शनिवार को सीसीटीवी के आधार पर आरोपी कर्मचारियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, वाटर पार्क सुशांत सिटी सेक्टर पांच निवासी राजेंद्र मल्होत्रा का बताया गया है।
उन्होंने दिल्ली निवासी विजय जैन को दे रखा है। विजय जैन की तरफ से अंकित उर्फ सोनू जैन सारा काम देखता है। एसपी सिटी ने थाना प्रभारी से इसकी भी जानकारी करने के लिए कहा है कि वाटर पार्क किसके नाम पर है, इसके बारे में स्पष्ट करें।