Meerut News: मेरठ-करनाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा: दबथुआ गांव के पास दो युवकों की मौत, दो घायल
Meerut Accident News: करनाल हाईवे पर थाना सरधना क्षेत्र के दबथुआ गांव के पास सोमवार देर रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
मेरठ के सरधना में करनाल हाईवे पर थाना सरधना क्षेत्र के दबथुआ गांव के पास सोमवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान सोनू पुत्र कृष्णपाल (25) निवासी मोहल्ला जोगियान, कस्बा सरधना, जाति कश्यप और सोनू पुत्र राजवीर निवासी मोहल्ला बूढ़ा बाबू, सरधना, जाति जाटव के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों को 108 एम्बुलेंस की मदद से प्यारे लाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: UP: गंगा का तटबंध टूटा, मेरठ-पौड़ी हाईवे बंद, गांवों की ओर बढ़ रहा पानी; आधे बिजनौर पर बाढ़ का खतरा
घायलों में पवन पुत्र जयप्रकाश (20) निवासी मोहल्ला जोगियान, सरधना, जाति प्रजापति और रोहित पुत्र बेगराज (22) निवासी सरधना, जाति प्रजापति शामिल हैं। दोनों को कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।