Meerut: फरार मुल्जिम थाने पहुंचा, बोला- गोली मत मारना, मैं लाैट आया हूं, इस मामले में जारी हुए थे वारंट
किठौर थाने के सिपाही अनिल और विपिन कुमार जानलेवा हमले के आरोपी फरियाद और मारपीट के मामले में आरोपी अंशुल को कोर्ट लेकर आई थे।
विस्तार
एडीजे कोर्ट संख्या-तीन के बाहर से बुधवार को फरार हुआ जानलेवा हमले का मुल्जिम फरियाद गुरुवार को 22 घंटे बाद परिजनों के साथ किठौर थाने पहुंच गया। पुलिस से कहा कि मुझे गोली मत मारना, मैं लाैट आया हूं। किठौर पुलिस ने उसको कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। फरारी पर लापरवाही के मामले में एसएसपी ने एक सिपाही अनिल को निलंबित कर दिया था।
अपर जिला जज कोर्ट संख्या तीन के बाहर से पुलिस हिरासत से फरार आरोपी ने 22 घंटे बाद किठौर थाने में सरेंडर कर दिया। उसने बताया कि कचहरी से भागने के बाद वह पूरी रात रेलवे स्टेशन पर छिपा रहा। जब उसे कहीं से पता चला कि परिजनों को हिरासत में ले लिया गया है तो वह खुद ही परिवार के लोगों के साथ थाने पहुंच गया।
किठौर थाने के सिपाही अनिल और विपिन कुमार जानलेवा हमले के आरोपी फरियाद और मारपीट के मामले में आरोपी अंशुल को कोर्ट लेकर आई थे। अंशुल के खिलाफ 2012 में दर्ज हुए मामले और फरियाद के खिलाफ 2021 में दर्ज मामले में वारंट थे।
दोनों को एडीजी कोर्ट संख्या तीन में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों का रिमांड बनाकर जेल भेजने के आदेश दिए। इस बीच फरियाद पुलिस वालों को चकमा देकर फरार हो गया था।
तीन घंटे तक दोनों सिपाहियों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। शाम को पूरे मामले का खुलासा हुआ। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के आदेश पर दोनों सिपाहियों के खिलाफ लापरवाही के मामले में सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
दूसरे सिपाही की भूमिका की भी चल रही जांच
पुलिस हिरासत से भागे आरोपी के मामले में एक सिपाही अनिल को तो पुलिस ने निलंबित कर दिया था, लेकिन दूसरे सिपाही विपिन की भूमिका की भी जांच चल रही है। जल्द ही उस पर भी गाज गिर सकती है।
दोनों सिपाहियों के खिलाफ हालांकि पुलिस ने जांच बैठा दी है। जांच रिपोर्ट में जो भी सामने आएगा, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी डाॅ. विपिन ताड़ा ने बताया कि प्रारंिभक जांच में अनिल की लापरवाही पाई गई थी, जिसके चलते उस पर कार्रवाई की गई है। दूसरे सिपाही विपिन के खिलाफ जो भी साक्ष्य मिलेंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।