Meerut: पीवीवीएनएल एमडी की बड़ी कार्रवाई, सात अभियंताओं के तबादले, अधीक्षण अभियंता हटाए गए
मेरठ में बिजली संकट को लेकर पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अभियंताओं का तबादला कर दिया। अधीक्षण अभियंता नगर को पद से हटाकर मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
विस्तार
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में मेरठ महानगर में लगातार बनी बिजली संकट की स्थिति को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बिजली व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले सात अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके तबादले कर दिए हैं। इस निर्णय के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।
अधीक्षण अभियंता को पद से हटाया
प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने मंगलवार को बिजली आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने में विफल रहने पर अधीक्षण अभियंता नगर मोहम्मद अरशद को उनके पद से हटा दिया। उन्हें मुख्यालय स्थित प्रबंध निदेशक कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई बिजली संकट को गंभीरता से लेते हुए की गई है।
यह भी पढ़ें: Meerut: पिता ने ली थी मां की जान, तेरहवीं में बेटे के सिर बंधी पगड़ी, 17 साल के देव ने थामा मासूमों का हाथ
अधिशासी अभियंता समेत पांच उपखंड अधिकारियों के तबादले
कार्रवाई के तहत 33 केवी लाइन के अधिशासी अभियंता अंकित वशिष्ठ का तबादला सहारनपुर के देवबंद कर दिया गया है। इसके अलावा उपखंड अधिकारी मोहम्मद जसीम अख्तर, अमित कुमार मिश्रा, संतोष कुमार, सतीश चंद्र और रूपेश कुमार का भी स्थानांतरण किया गया है।
बिजली व्यवस्था सुधारने की कवायद
विभाग का मानना है कि यह कार्रवाई बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से की गई है। हाल के दिनों में मेरठ के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली कटौती और आपूर्ति संबंधी शिकायतों में बढ़ोतरी के बाद यह कदम उठाया गया है।