Meerut: जिला कारागार में बंदी की हार्ट अटैक से मौत, परिवार में कोहराम, 10 दिन पहले हुई थी जमानत मंजूर
चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में दो महीने से चोरी के मामले में बंद बंदी रियाजुद्दीन उर्फ राजा (28) की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
विस्तार
चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में दो महीने से चोरी के मामले में बंद बंदी रियाजुद्दीन उर्फ राजा (28) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वरिष्ठ जेल अधीक्षक शशिकांत मिश्रा ने बताया कि सुबह नमाज के समय बंदी को अचानक दौरा पड़ा। उसे जेल अस्पताल में ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
समर गार्डन 60 फुटा निवासी सिराजुद्दीन ने बताया कि उसका बड़ा भाई रियाजुद्दीन उर्फ राजा किराने की दुकान करता था। मार्च महीने में लोहियानगर पुलिस ने उसे चोरी की बैटरी खरीदने के मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद से रियाजुद्दीन जेल में था।
यह भी पढ़ें: Saharanpur: बच्ची की गला दबाकर हत्या, बोरे में बंद मिला शव, परिवार की महिला ने मासूम को दी मौत की सजा
सोमवार सुबह जेल प्रबंधन ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि रियाजुद्दीन की सुबह पांच बजे हार्टअटैक से मौत हो गई है। इसके बाद परिजन मोर्चरी पहुंचे। पत्नी शबाना बिलखने लगी। रियाजुद्दीन के तीन बच्चे अयान (06) तैमूर (03) और आयशा (02) हैं। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव का दफीना कर दिया गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि रियाजुद्दीन के खिलाफ चोरी के छह मुकदमे दर्ज थे।
सिराजुद्दीन ने बताया कि 10 दिन पहले ही रियाजुद्दीन की जमानत मंजूर हो गई थी। लेकिन, फिलहाल जमानतियों का वेरिफिकेशन नहीं होने के कारण भाई जेल में ही था। सबको इस बात की खुशी थी कि वह जेल से बाहर आ जाएगा, लेकिन हार्टअटैक से उसकी मौत हो गई।
तमंचे से लगी थी सीने में गोली
छह साल पहले रियाजुद्दीन को तमंचे से संदिग्ध हालत में सीने में गोली लग गई थी। गोली पार हो गई थी, काफी समय वह अस्पताल में रहा था।
13 अप्रैल को बंदी की हुई थी हत्या
13 अप्रैल को जिला कारागार में एसिड अटैक के मामले में उम्रकैद काट रहे रोहित की चादर से गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जेल में बंद मां के हत्यारोपी देवी सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में शासन की तरफ से दो बंदी रक्षक, दो हेड वार्डन और जेलर को सस्पेंड किया गया था।