Meerut Accident: तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर
परतापुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर-गेझा मार्ग पर स्विफ्ट कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में डूंगरावली निवासी इदरीश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी बुद्धप्रकाश गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
विस्तार
परतापुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर-गेझा मार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इदरीश(34) निवासी डूंगरावली की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी बुद्धप्रकाश की हालत गंभीर बनी हुई है।
काम पर जा रहे थे दोनों
डूंगरावली निवासी इदरीश और बुद्धप्रकाश सैनी पास ही स्थित एक प्लांट में काम करते थे। बुधवार रात दोनों होंडा शाइन बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। बताया गया कि मोहिउद्दीनपुर-गेझा मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर की इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर कई मीटर दूर जा गिरे।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट विवाद: कार्रवाई के बाद अब राहत की तैयारी, दुकानदारों को ‘बाजार स्ट्रीट’ मान्यता देने पर मंथन
मौत की खबर से घर में कोहराम
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गंभीर अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान इदरीश ने दम तोड़ दिया।
इदरीश की शादी आठ वर्ष पूर्व अंजुम से हुई थी। उसके तीन बेटे और एक बेटी है। पिता की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां रिहाना और पत्नी अंजुम का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने स्विफ्ट कार चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।