UP: होली पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश, पुजारी और इमाम को पीटा, एसएसपी ने दिया कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
Meerut News : शहर में होली पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। सरधना में पुजारी और कंकरखेड़ा में इमाम को पीटा गया। वहीं, एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विस्तार
होली से पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। सरधना के करनावल गांव में नशे की हालत में युवकों ने पुजारी की और कंकरखेड़ा में यातायात पुलिस के सिपाहियों ने इमाम की पिटाई कर दी। दोनों ही मामलों में एसएसपी ऑफिस पर हंगामा हुआ। पुजारी की पिटाई के मामले में पुलिस ने गांव के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, वहीं इमाम की पिटाई के मामले में जांच शुरू कर दी गई है। दोनों मामलों में एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
तीन युवकों ने मंदिर में घुसकर पुजारी को पीटा
सरधना कस्बा करनावल स्थित बंगला वाला शिव मंदिर में रविवार देर रात पुजारी पर तीन युवकों ने हमला कर दिया। इस दौरान मंदिर के पुजारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सोमवार सुबह मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने खून पड़ा देखा तो घटना की सूचना पुलिस को दी।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लोकेश कुमार ने बताया कि कर्नाटक निवासी पुजारी वासुदेव गिरि लंबे समय से मंदिर में रहते हैं। रविवार रात पुजारी मंदिर परिसर में सो रहे थे। तभी बाइक पर मुजफ्फरनगर निवासी अक्षय अपने दोस्त के साथ मंदिर में आया। पुजारी ने दोनों युवकों को मंदिर में घुसने से रोका तो उन्होंने पिटाई कर दी। तभी विकास नाम का युवक वहां पर पहुंच गया। आरोप कि विकास ने दोनों युवकों को समझाने की बजाय पुजारी से अभद्रता की।
वहीं सोमवार अलसुबह मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचे तो मंदिर में खून पड़ा देखा। लोकेश कुमार घायल पुजारी को डॉक्टर के पास ले गए। बाद में पुलिस ने छानबीन की। सीओ सरधना ब्रिजेश सिंह का कहना है कि आरोपी विकास के पास दोनों युवक आए थे। तीनों ने शराब पार्टी की थी और नशे की हालत में मंदिर आए थे। वह जबरन मंदिर में सोने का प्रयास कर रहे थे। विकास को गिरफ्तार कर लिया गया। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
यह भी पढ़ें: HOLI: होलिका दहन पर नहीं होगा भद्रा का साया, 30 साल बाद बना दुर्लभ योग, राशि अनुसार शुभ मुहुर्त में करें पूजन
चेकिंग के समय सिपाही ने इमाम को मारा थप्पड़, जांच शुरू
सरधना स्थित मस्जिद के इमाम नसीम अहमद अपने भाई नदीम के साथ बाइक से सरधना से मेरठ शहर में आ रहे थे। कंकरखेड़ा में एनएच-58 स्थित खिर्वा फ्लाईओवर के नीचे यातायात पुलिस के सिपाहियों ने चेकिंग के दौरान इमाम की बाइक रोक ली। आरोप है कि एक सिपाही ने इमाम को थप्पड़ मार दिया। इमाम ने एसएसपी से शिकायत की है। वहीं, सिपाही का कहना कि इमाम ने बाइक का पहिया उनके पैर पर चढ़ा दिया था।
इमाम नसीम अहमद ने बताया कि वह सरधना से ढवाई नगर अपने रिश्तेदार के यहां पर जा रहे थे। जब वह खिर्वा फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे तो यातायात पुलिस की टीम ने उनकी बाइक को रोक लिया। आरोप है कि टीम ने बिना बात ही अभद्रता शुरू कर दी। उनको थप्पड़ भी मारे गए। इसके बाद उनकी बाइक सीज करने की बात कही गई। कुछ देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने किसी तरह समझाकर इमाम और उनके साथी को मौके से भेज दिया। बाद में इमाम ने एसपी सिटी पीयूष सिंह को मामले से अवगत कराया। इसके बाद वह एसएसपी कार्यालय पहुंचे।
यह भी पढ़ें: चंदे पर बवाल: महिलाओं ने छतों से बरसाए पत्थर, फेंकीं बोतलें, लखनऊ तक गूंजा मामला, आज ड्रोन से होगी निगरानी
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि इमाम की बाइक का पहिया सिपाही के पैर पर चढ़ गया था। इसे लेकर इमाम और सिपाही के बीच कहासुनी हो गई थी। एसपी सिटी से मामले की जांच करा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।