MEERUT: छात्रा के अपहरण का मचा हल्ला, पुलिस अफसरों में मच गया हड़कंप, सामने आया चौंकाने वाला सच
बच्ची के अपहरण की सूचना से पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। लेकिन जांच में पता चला कि बच्ची के पिता ही स्कूल के बाहर से उसे उठाकर ले गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में रेलवे रोड क्षेत्र के जैननगर स्थित श्री महावीर शिक्षा सदन स्कूल के बाहर से कक्षा छह की छात्रा को उसके पिता उठाकर अपने घर सुखलालपुर सिकंदराबाद ले गए। वहीं अपहरण का हल्ला मचने पर एसपी सिटी व सीओ कैंट समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चार घंटे में बच्ची को सकुशल बरामद कर पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया। पूछताछ में बताया कि दंपती के बीच पांच साल से विवाद चल रहा था।
बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के सुखलालपुर गांव निवासी विजय चौधरी की शादी 15 साल पहले रोहटा रोड स्थित फाजलपुर निवासी मीनू से हुई थी। दंपती में पांच साल से विवाद चल रहा है। जिसके चलते मीनू अपनी 12 साल की बेटी परी के साथ मायके में रहती है, जबकि 13 साल का बेटा देव अपने पिता विजय के साथ सुखलालपुर गांव में रहता है। दंपती में विवाद के चलते बहन-भाई भी अलग हो गए। बेटी परी जैननगर स्थित श्री महावीर शिक्षा सदन स्कूल के कक्षा छह की छात्रा है।
वहीं गुरुवार को विजय चौधरी अपने बेटे देव के साथ जैननगर पहुंचा और अपनी बेटी परी को उठाकर ले गया। स्कूल के बाहर से बच्ची को अगवा करने की खबर जिले में आग की तरफ फैल गई। व्यापारी नेता अजय गुप्ता समेत कई व्यापारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी मिलने पर एसपी सिटी भी पहुंचे। बच्ची की मां मीनू और मामा वीरेंद्र कुमार को पुलिस ने जैननगर में बुलाया। तभी पता चला कि दंपती के बीच विवाद चल रहा है। पुलिस ने विजय चौधरी को फोन किया और बेटी के बारे में पूछा। विजय ने बच्ची को अपने साथ सुखलालपुर गांव में लाने की बात स्वीकार कर ली। सिकंदराबाद थाने की पुलिस उनके गांव में पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। रेलवे रोड थाने की पुलिस भी बच्ची की मां को लेकर विजय के घर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस विजय और बच्ची को मेरठ लेकर आ गई। पुलिस ने बताया कि बच्ची ने खुद ही अपने पिता के साथ जाने की बात कही है। पुलिस ने बच्ची को उसकी मां की सुपुर्दगी में दे दिया और पिता का शांतिभंग में चालान कर दिया।
यह भी पढ़ें: आंखों देखा मंजर: जिंदगी बची तो छलक पड़े आंसू, बोले- सामने थी मौत, कभी भूल नहीं पाएंगे ये हादसा, देखें तस्वीरें
पिता से लगातार बात करती थी परी
एसपी सिटी पीयूष सिंह के मुताबिक, परी अपने पिता विजय से लगातार बातचीत करती थी। तीन दिन पहले भी वह अपनी बेटी से मिलने के लिए स्कूल आए थे। बच्ची कहती थी कि पापा मुझे ले जाओ, मम्मी खुद आ जाएगी। जिसके चलते विजय ने अपने 13 साल के बेटे देव के साथ बच्ची को स्कूल के बाहर से ले जाने का प्लान बनाया। पुलिस का कहना है कि विजय और उनकी पत्नी मीनू के बीच विवाद चल रहा है और बच्चे अपने माता-पिता को मिलवाना चाहते हैं।
मुझे जान का खतरा, दो बार हो चुका हमला
पुलिस के मुताबिक, मीनू ने बयान दिया है कि पति विजय ने दो बार हमला किया है। वह अपने ससुराल जाएगी तो पति उसको मार देगा। पति से जान का खतरा बताकर मीनू ने विजय के खिलाफ एसएसपी ऑफिस में भी शिकायती पत्र दिया हुआ है। वहीं, विजय ने कहा कि पत्नी को ले जाना चाहता हूं। बच्ची भी हमारे पास ही रहना चाहती है। दोनों के बयान पुलिस ने दर्ज किए हैं।
यह भी पढ़ें: UP: कभी बसपा को बताया था लुटेरों का गिरोह, इमरान मसूद अब खुद बने 'हाथी' के महावत, मेयर-सांसद सीट पर निगाहें
स्कूल संचालक ने मांगी सुरक्षा
श्री महावीर शिक्षा सदन स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्या संतोष कुमार ने रेलवे थाने को चिट्ठी लिखकर स्कूल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्ची टेंपो से अन्य छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल आती है। टेंपो से उतरते ही स्कूल के बाहर से उसके पिता उठाकर ले गए। गनीमत रही कि बच्ची को उठाकर ले जाने वाले उसके पिता थे। यह घटना दूसरी बच्चियों के साथ भी हो सकती हैं।