बेखौफ अपराधी: मेरठ में नहीं थम रहा हत्याओं का सिलसिला, बाफर गांव में पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बेटे की गोली मारकर हत्या
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बदमाश खुद को घिरता देखकर बाइक छोड़कर पैदल ही फायरिंग करते हुए फरार हो गए। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया है कि रंजिश के चलते हत्या हुई है। विकेंद्र दो माह पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था।
विस्तार
मेरठ में पिछले दिनों हुई हत्या की ताबड़तोड़ वारदातों में से पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर पाई थी कि मंगलवार को दिन निकलते ही बदमाशों ने फिर हत्या की वारदात को अंजाम दे डाला।
मेरठ देहात के जानी थानाक्षेत्र में बदमाशों ने बाफर गांव में पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बेटे की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आपसी रंजिश को लेकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं हत्या के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को जानी थाना क्षेत्र के बाफर गांव निवासी विकेंद्र उर्फ गौरी चौधरी (40) पुत्र राजवीरी चौधरी पत्नी स्व. जगपाल अपने घर में मौजूद था। आज सुबह दस बजे बाइक सवार दो बदमाश उसके गांव में पहुंचे और घर में घुसकर पिस्टल से गोली बरसाकर विकेंद्र की हत्या कर दी।
घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के अन्य लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। वहीं वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बदमाश खुद को घिरता देखकर बाइक छोड़कर पैदल ही फायरिंग करते हुए फरार हो गए। एसएसपी व एसपी देहात समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया है कि रंजिश के चलते हत्या हुई है। विकेंद्र दो माह पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था।