Meerut Crime News: छात्र पर जानलेवा हमले के मामले में आठ नामजद, मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर हुआ घायल
भावनपुर थाना के गांव जेई निवासी छात्र पर जानलेवा हमले के मामले में आठ नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार
भावनपुर थाना के गांव जेई निवासी छात्र पर जानलेवा हमले के मामले में आठ नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हुसैन आईआईएमटी कॉलेज से बीफार्मा का कोर्स कर रहा है। गुरुवार को देर रात वह अपने घेर में जा रहा था। रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही अबुजर, रईस, आरिफ, हकीकत, साकिब, साहिब, फरियाद, इकलाख सहित तीन चार अज्ञात ने हुसैन को दबोच लिया।
इसके बाद उस पर लाठी-डंडों और तमंचे की बट से जानलेवा हमला करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल के भाई हसन पुत्र युसूफ की तहरीर पर अबुजर, रईस, आरिफ, हकीकत, साकिब, साहिब, फरियाद, इकलाख सहित तीन चार अज्ञात के विरूद्व मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गंगानगर क्षेत्र के एक गांव से लापता दो महिलाओं को पुलिस ने पांच दिन बाद पीलीभीत से बरामद कर लिया है। पांच दिन पूर्व एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर में बताया कि उसकी घर की दो महिलाएं लापता हैं। पुलिस ने मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया तो जांच के बाद गुरुग्राम निवासी एक युवक को हिरासत में लिया।
जांच में सामने आया कि दोनों महिलाएं सोशल साइट पर युवक से चैटिंग और मोबाइल पर बात करतीं थी। जांच में दूसरे युवक की लोकेशन पीलीभीत में मिली। लोकेशन के आधार पुलिस युवक तक पहुंच गई और महिलाओं को युवक के कमरे से बरामद किया। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह का कहना है कि दोनों महिलाओं को बरामद कर लिया गया है।
चेन लूटने की रिपोर्ट दस दिन बाद की दर्ज
टीपीनगर क्षेत्र में बागपत रोड स्थित बीयर की दुकान पर युवक से मारपीट और चेन लूटने की रिपोर्ट पुलिस ने दस दिन बाद दर्ज की। दिनेश विहार न्यू किशनपुरा निवासी विनोद कुमार शर्मा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह दस दिन पूर्व बागपत रोड स्थित दुकान ने बीयर लेने गया था। तभी एक युवक आया और उसे जोर से धक्का मारा।
विरोध करने पर आरोपी अभद्रता करने लगा। उसने कुछ साथियों को बुला लिया। सभी ने मिलकर विनोद शर्मा के साथ मारपीट की और गले से चेन लूटकर आरोपी भाग गए। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मकान के ताला तोड़कर एलईडी और आभूषण चोरी
लोहियानगर में मकान का ताला तोड़कर बदमाश एलईडी, आभूषण व अन्य सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित खान मोहम्मद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 24 जून की रात वह अपने गांव में था। पत्नी और बच्चे रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान बदमाश मकान का ताला तोड़कर एलईडी, सोने के आभूषण व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सीओ कोतवाली आशुतोष का कहना है कि बदमाशों को तलाश किया जा रहा है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लिसाड़ी गेट पुलिस के साथ मुठभेड़ में भावनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर और संरक्षित पशुओं के वध में वांछित इस्लामुद्दीन उर्फ इस्लू को गिरफ्तार किया गया है। पैर में गोली लगने से वह घायल हुआ है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि इस्लामुद्दीन गांव जेई का निवासी है। वह लिसाड़ी गेट में रह रहा है। इसके पास से बाइक, तमंचा और पशुओं का वध करने के उपकरण बरामद हुए। उसके खिलाफ संगीन अपराधों के 33 मुकदमे दर्ज हैं।
बिजनौर शहर कोतवाली पुलिस ने बाइक चोर गिरोह को पकड़ा है। पकड़े गए पांच आरोपी मेरठ और मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। इनके पास से चार बाइक बरामद की गई हैं। आरोपी बिजनौर में आकर बाइक चोरी करते थे।
पुलिस ने मुजफ्फरनगर के रामराज निवासी अमित चौधरी, हस्तिनापुर के गांव शहजादपुर निवासी हरदेव, गांव जलालपुर नीला निवासी सचिन, गांव तारापुर निवासी मोनू सिंह और गांव लतीफपुर निवासी प्रमोद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि अमित और हरदेव बिजनौर में रोडवेज बस स्टैंड अस्पताल, माॅल और अन्य स्थानों से बाइक चोरी करते थे। चोरी करने के बाद बाइक को सचिन, मोनू और प्रमोद को बेच दिया जाता था। सचिन मोनू और प्रमोद बाइक मिस्त्री का काम करते हैं।
गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसपी सिटी संजीव वाजपेई ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर चोर हैं, जोकि बिजनौर सिर्फ बाइक चोरी करने के लिए ही आते थे।
सिविल लाइन पुलिस ने शुक्रवार को चोरी की स्कूटी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुरानी मोहनपुरी निवासी कृष चिरंजीवी हॉस्पिटल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी करता है। थाने में रिपोर्ट दर्ज कर बताया कि मंगलवार रात तीन बजे उसकी स्कूटी हॉस्पिटल के बाहर खड़ी थी। तभी एक युवक स्कूटी चोरी कर ले गया।
आरोपी हॉस्पिटल के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया था। पुलिस ने शुक्रवार को सुभाषनगर निवासी राहुल गोयल को स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
तमंचे के साथ आरोपी गिरफ्तार
ब्रह्मपुरी पुलिस ने शुक्रवार को मेवला रेलवे फाटक के पास फतेहउल्लापुर लिसाड़ी गेट निवासी जहीर को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।