मेरठ: एमएलसी चुनाव के टिकट को आज केंद्रीय नेतृत्व लगाएगा मुहर, 19 मार्च है नामांकन की अंतिम तिथि
मेरठ-गाजियाबाद स्थानीय निकाय चुनाव सीट के लिए चार जिलों से दावेदार अपनी-अपनी गोटी बिछाने में लग गए हैं। सबसे ज्यादा तीन दावेदार मेरठ से हैं।
विस्तार
मेरठ-गाजियाबाद स्थानीय निकाय चुनाव के टिकट को लेकर मंगलवार लखनऊ में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की बैठक में प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चा हुई। अब सिर्फ दो नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए हैं। मंगलवार देर रात तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की जा सकी। आज भाजपा अपने प्रत्याशी की घोषणा कर देगी।
मेरठ-गाजियाबाद स्थानीय निकाय चुनाव सीट के लिए चार जिलों से दावेदारों ने ताल ठोकी थी। मेेेरठ से भाजपा के जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल और धर्मेंद्र भारद्वाज दावेदार हैं। बागपत से नीरज शर्मा, गाजियाबाद से सूदन रावत एवं हापुड़ से कमल मलिक ने दावेदारी जताई है। मंगलवार को भाजपा पदाधिकारियों की लखनऊ में बैठक हुई। प्रत्याशी के नाम पर सहमति बन गई है। अंतिम चरण में केंद्रीय नेतृत्व को दो नाम भेजे गए हैं। बुधवार को प्रत्याशी के नाम की घोषणा हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: Rapid Rail: पहला कोच पहुंचा दुहाई, वैलवेट की सीटें और मिलेगा वाई-फाई, ये होंगी खास सुविधाएं, मार्च-2023 में फर्राटा भरेगी रैपिड
पहले दिन निर्दलीय प्रत्याशी राकेश कुमार ने भरा पर्चा
मेरठ-गाजियाबाद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। 19 मार्च तक नामांकन प्रक्रिया की जानी है। हालांकि, अभी भाजपा, सपा की ओर से कोई भी प्रत्याशी घोषित नहीं हुआ है। पहले दिन मोदीनगर निवासी निर्दलीय प्रत्याशी राकेश कुमार ने नामांकन किया।
उनके साथ दस प्रस्तावकों के नाम भी दिए गए हैं। नामांकन के लिए कलक्ट्रेट में बैरिकेडिंग कर दी गई है। अब नामांकन के लिए सिर्फ दो दिन का समय बचा है। 17 को होली और 18 को दुल्हैंडी के चलते सरकारी अवकाश रहेगा। पहले दिन सिर्फ एक नामांकन पत्र भरा गया।
मतदाता सूची को किया अपडेट
वहीं, एमएलसी चुनाव के लिए प्रशासन ने मतदाता सूची को अपडेट कर दिया है। जिलेवार 14 मार्च तक की मतदाता सूची अपलोड की गई है। इसमें नगर निगम, जिला पंचायत सदस्य के अलावा सांसद, विधायक के नाम है।
हालांकि, मेरठ की मतदाता सूची में सांसद राजेंद्र अग्रवाल के अलावा किसी का नाम नहीं है। वहीं, विधायकों में कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, दक्षिण विधायक सोमेंद्र तोमर, शहर विधायक रफीक अंसारी के नाम है। इस प्रकार नगर निगम, छावनी परिषद, जिला पंचायत, सांसद, विधायक मिलाकर कुल मतदाता संख्या 128 हैं। इसके अलावा गाजियाबाद, हापुड़, बागपत जिले की मतदाता सूची को भी अपडेट किया गया है।