राम मंदिर निर्माण पर आजम खां का बयान, कहा- रास्ते में भाजपा है मुसलमान नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अयोध्या में विवादित जमीन पर मंदिर बनाए जाने के मसले पर यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां ने कहा कि जब विवादित ढांचा ढहाया गया था, तब हाईकोर्ट का स्टे था। जब तोड़ते वक्त कोई मुसलमान नहीं गया तो मंदिर बनाने के समय कौन मुसलमान जाएगा? उन्होंने कहा कि मंदिर के रास्ते में भाजपा और सुप्रीम कोर्ट हैं, मुसलमान नहीं। वोट बैंक के लिए मुसलमानों को इससे जोड़ा जा रहा है।
आजम खां सोमवार को हुमायूं नगर स्थित सपा नेता इरशाद जहां के स्कूल मेरठ गर्ल्स इंटर कॉलेज के संस्थापक दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि अयोध्या के विवादित ढांचे में 22 व 23 दिसंबर 1949 की रात राम मूर्ति रख दी गई थी। इसके बाद उसे तोड़ा गया, इस लिहाज तो यह मंदिर की इमारत थी। वैसे भी वहां 500 मीटर तक मुसलमान का जाना प्रतिबंधित है। आरएसएस वाले महासंग्राम की बात कर रहे हैं, वह किससे महासंग्राम करेंगे। मुसलमान तो उनके बीच में हैं ही नहीं, सिर्फ भाजपा और सुप्रीम कोर्ट हैं।
इस दौरान विधायक रफीक अंसारी, सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, आजम खां के पुत्र अब्दुल्लाह, आदिल सिद्दीकी, हिफजुर्रहमान अंसारी, जीशान अली, विपिन मनोठिया, संगीता राहुल, दानिश सैफी और मनीष जाटव आदि रहे। सपाइयों ने आजम खां का खरखौदा में भी स्वागत किया।
स्टैच्यू के लिए रिजर्व बैंक से पैसा न ले सरकार
पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां ने मोदी सरकार तंज कसे। उन्होंने कहा कि स्टैच्यू या अन्य ऐसी ही चीजों के लिए सरकार रिजर्व बैंक से पैसा न ले। यह पैसे आपात स्थिति में लिया जाता है, दिखावे के लिए नहीं।
सरकार रोजगार दे, पकोड़े न बिकवाए
आजम खां ने यह भी कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार दे, ताकि वे पकोड़े न बेचें। युवाओं को पेन की जगह झाडू न पकड़वाए। उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने गरीब को भूखा मरने के लिए मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी खामियां छिपाने के लिए शहरों के नाम बदलकर जनता का असली मुद्दों से ध्यान हटाना चाहती है। उन्होंने बताया कि रामपुर का नाम भी बदलने की कोशिश हुई थी।
जौहर यूनिवर्सिटी की तारीफ की
आजम खां ने जौहर यूनिवर्सिटी की तारीफ की। कहा कि वह बेहद खूबसूरत है। कोई पिकनिक स्पॉट भी ऐसा नहीं होगा। वहां जाएंगे तो मेरठ वापस आना नहीं चाहेंगे। प्रदूषण मुक्त है। हिंदू धर्म की तर्ज पर ही उसे दरिया के किनारे बनाया है। क्योंकि वह सबको साथ लेकर चलते हैं।
संस्थापक दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
हुमायूं नगर स्थित मेरठ गर्ल्स इंटर कॉलेज में संस्थापक दिवस पर कार्यक्रम हुआ। संस्थापक हामिद अली खां को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्ष प्रोफेसर असलम जमेशपुरी ने की। वहीं, संचालन एमईए के महासचिव आफाक अहमद ने किया। इस दौरान प्रधानाचार्य सबा परवीन, उप प्रधानाचार्य फरजाना सब्जवारी, सीमा, मृदुला, नाजमा मुफ्ती, मनोज कुमार, मो. इसरार और ताहिरा आदि का योगदान रहा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/