आशीष गुर्जर हत्याकांड: भड़काऊ पोस्ट मेरठ में फिर न करा दे बवाल, चप्पे- चप्पे पर फोर्स तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में आशीष गुर्जर की हत्या के बाद सोशल साइट पर भड़काऊ पोस्ट वायरल हो रही है। जिसको लेकर शोभापुर में जातीय तनाव की स्थिति बनी है। ये पोस्ट गांव में बवाल न करा दे, इसको लेकर पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा लगा दिया है। दूसरे दिन भी गांव में तनाव के हालत बने थे। पुलिस का दावा कि जातीय तनाव फैलाने की गहरी साजिश चल रही है।
2 अप्रैल में हिंसा के बाद से शोभापुर में जातीय तनाव बना हुआ था। उसके चलते चार अप्रैल को बसपा नेता गोपी पारिया की हत्या हुई। गोपी पारिया के दोस्तों का ग्रुप सोशल साइट पर एक्टिव हो गया। गोपी की हत्या में चार युवक जेल गए। जिसमें आशीष भी शामिल था। दोनों पक्षों के लोग सोशल साइट पर एक-दूसरे के प्रति भद्दे और आपत्तिजनक पोस्ट डालने लगे। गोपी के दोस्तों ने भड़काऊ पोस्ट डाली, उसको लेकर कई बार हालात बिगड़ने के आसार बने। अब आशीष गुर्जर की हत्या के बाद भड़काऊ पोस्ट को वायरल किया जाने लगा है। ताकि शोभापुर गांव में जातीय तनाव फैले। इसके चलते पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है।
एसएसपी ने की अपील
एसएसपी अखिलेश कुमार ने भड़काऊ पोस्ट को वायरल न करने की अपील की है। कहा कि इस पोस्ट से और तनाव फैलता है। समाज की जिम्मेदारी बनती है कि वह ऐसी पोस्ट को वायरल न करे। एसएसपी के अनुसार जिन लोगों ने यह पोस्ट डाली या वायरल की है, उनकी पहचान का प्रयास चल रहा है। पुलिस उनको गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
शोभापुर चौक से हटवाई गोपी की प्रतिमा
शोभापुर चौक पर लगी गोपी पारिया की प्रतिमा रविवार दोपहर एसपी सिटी ने पुलिस फोर्स को लेकर हटवा दी। पुलिस ने बताया कि गोपी की प्रतिमा अनाधिकृत रूप से लगी थी। इसको लेकर गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। कई बार लोगों ने इसको लेकर आपत्ति की थी। लेकिन गोपी के परिजन विरोध करने लगे थे। आशीष की हत्या के बाद लोगों ने प्रतिमा हटाने की फिर से मांग की। एसपी सिटी ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी और प्रतिमा हटवा दी।
वर्चस्व को लेकर गांव में चल रही है तनातनी
शोभापुर में दलित और गुर्जर समाज के कुछ लोगों में वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। राजनीति हस्तक्षेप खूब हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि दस साल पहले गांव में विवाद नहीं होता था। लेकिन गोपी पारिया और मनोज गुर्जर राजनीति में उतर गए। जिसके बाद तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने बताया कि गोपी की शादी में सब लोग शामिल हुए थे।
आशीष की हत्या के बाद रविवार को दूसरे दिन शोभापुर गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। एसपी सिटी रणविजय सिंह, एसपी क्राइम डॉ. बीपी अशोक और सीओ दौराला ने गांव में जाकर लोगों से बातचीत की। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा भी दिया। साथ ही माहौल शांत करने की बात भी कही।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/