Meerut:सीमा पर तनाव के बीच अलर्ट, अस्पतालों में 10 बेड आरक्षित रखने के निर्देश, नौचंदी मेला हो सकता है स्थगित
भारत और पाकिस्तान सीमा पर चल रहे तनाव के चलते सीएमओ अशोक कटारिया ने सभी पंजीकृत निजी चिकित्सालयों को दस बेड आरक्षित रखने का निर्देश दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बुधवार को सीएमओ अशोक कटारिया ने बताया कि निजी अस्पताल संचालकों को अस्पताल में सभी प्रकार की जरूरी दवाएं उपलब्ध रखने का भी निर्देश दिया गया है। जिससे सरकारी अस्पताल से रेफर होकर आने वाले मरीजों को तुरंत इलाज मुहैया कराया जाए। अस्पताल में उपकरण आदि की भी उपलब्धता सुनिश्ति की जाए।
इसके अलावा अस्पतालों में 24 घंटे इलाज का बंदोबस्त किया जाए और पैरा मेडिकल स्टाफ मौजूद रहे। सभी ग्रुप का रक्त होना भी आवश्यक है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर रक्तदान शिविर लगाए जाएं।
सीएमओ ने कहा कि उपचार के दौरान चिकित्सक द्वारा किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। लापरवाही बरतने वालों चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Meerut: पाकिस्तान के झंडे वाली डीपी लगाने और टिप्पणी करने पर तीन गिरफ्तार, ऐसे लोगों के लिए तैयार है जेल
आपातकालीन स्थिति में ट्रांसपोर्टरों को देने होंगे ट्रक और बस
भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात को देखते हुए प्रशासन ने आपातकालीन सुविधाएं जुटाने के लिए तैयारी शुरू कर दी हैं। संभागीय परिवहन विभाग ने सभी ट्रांसपोर्टरों को आपातकाल स्थिति में दो से तीन घंटे के भीतर बस और ट्रक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। ट्रांसपोर्टरों ने इसके लिए सहमति जता दी है। बुधवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश कर्दम ने ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और बस यूनियन ऑपरेटरों की बैठक बुलाई।
एआरटीओ ने कहा कि देश में आपातकालीन स्थिति बनती जा रही है। पाकिस्तान बॉर्डर पर तनाव है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में वाहन के लिए ट्रांसपोर्टर्स को केवल दो से तीन घंटे पहले ही सूचना दी जाएगी। उसी सूचना पर वाहन उपलब्ध कराने होंगे। ये वाहन जिले से बाहर भी भेजे जा सकते हैं। बैठक में उपस्थित ट्रांसपोर्टर गौरव शर्मा, दीपक गांधी, रोहित कपूर, अशोक शर्मा, अंकुर प्रजापति, अनीश चौधरी, अतुल शर्मा, सरदार खेता सिंह आदि रहे।
नौचंदी मेला सहित कई बड़े कार्यक्रम हो सकते हैं स्थगित
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण पुलिस-प्रशासन अफसरों ने सतर्कता अभियान शुरू किया है। जिसके चलते नौचंदी मेला सहित कई बड़े कार्यक्रम स्थगित भी हो सकते है। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए पुलिस की ड्यूटी निर्धारित की जा रही है। सुरक्षा मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर सघन चेकिंग करने के निर्देश भी एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जारी कर दिए हैं। नौचंदी मेला 15 मई से चालू करने की तैयारी कराने में नगर निगम लगा था।
सफाई, पानी, लाइट की समस्या बताने के लिए तुरंत कॉल करें
भारत और पाकिस्तान सीमा पर तनाव के हालात को देखते हुए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने कहा कि सफाई, पानी, सीवर, लाइट सहित निगम से संबंधित कोई समस्या हो तो तुरंत कॉल करें।
निगम के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 18001803090, 18001805090, 1533 और व्हाट्सएप नंबर 8395881001 व मोबाइल नंबर 8395881826 पर अवगत करा सकते हैं। नगर आयुक्त ने तीनों अपर नगर आयुक्त, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को पत्र भेजकर निर्देश जारी किए हैं कि कंट्रोल रूम की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करें।