मेरठ: सरधना में पिकअप की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर की मौत, फूलों की मंडी जाते समय हुआ हादसा
सरधना में कुलंजन रजबहे की पटरी पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
विस्तार
मेरठ के सरधना में शुक्रवार रात सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। कुलंजन रजबहे की पटरी पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किशोर को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फूलों की मंडी जा रहा था किशोर
गांव टेहरकी निवासी अमन शेख (17) पुत्र अल्ताफ अहमद शुक्रवार रात बाइक से कुलंजन स्थित फूलों की मंडी जा रहा था। रात करीब साढ़े 11 बजे वह कुलंजन रजबहे की पटरी पर पहुंचा।
पिकअप की टक्कर से गंभीर घायल
इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने अमन की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अमन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रामीण ने परिजनों को दी सूचना
बताया गया कि हादसे के समय गांव का ही अनस पुत्र सदाकत वहां से गुजर रहा था। उसने अमन को सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और अमन को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अमन को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शनिवार को परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के गमगीन माहौल में अमन के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। 17 वर्षीय किशोर की असमय मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।