Meerut: मजदूर की बेटी बनी एक दिन की SDM, छात्रा तनु ने संभाली कुर्सी, समस्याओं के निस्तारण का दिया आश्वासन
मवाना में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत आठवीं की छात्रा तनु को एक दिन का एसडीएम बनाया गया। मजदूर की बेटी तनु ने तहसील पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और आईपीएस बनने का सपना जताया।
विस्तार
मेरठ के मवाना में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत मंगलवार को मवाना की कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की आठवीं कक्षा की छात्रा तनु ने एक दिन के लिए एसडीएम का कार्यभार संभाला। किशोरीपुरा गांव निवासी तनु मजदूरी करने वाले सोहनवीर की बेटी है। साधारण परिवार से आने वाली तनु ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से सबका दिल जीत लिया।
सुबह वार्डन पूनम रानी के साथ तहसील पहुंची तनु का एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने स्वागत किया। इसके बाद तनु ने उनके साथ बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उसने समझदारी से सवाल पूछे और प्रशासनिक कार्यशैली को करीब से देखा। तनु का कहना है कि इस अनुभव से उसमें आत्मविश्वास और बढ़ा है।
तनु ने बताया कि वह भविष्य में आईपीएस अफसर बनना चाहती है। उसके अनुसार देश की सेवा करना और समाज की समस्याओं को दूर करना ही उसका सपना है। उसने अपनी साथी छात्राओं से अपील की कि वे पढ़ाई को पूरी निष्ठा से करें, ताकि आगे चलकर देश का भविष्य मजबूत हो सके।
यह भी पढ़ें: सम्राट मिहिर भोज विवाद: कपसाड़ व सलावा में प्रशासन ने रात में हटवाए सभी बैनर, पुलिस बल तैनात
तनु तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर है। उसकी बड़ी बहन वंशिका भी कक्षा आठ में पढ़ती है, जबकि छोटा भाई देव कुमार गांव के ही स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन तनु के सपनों को पंख देने के लिए परिवार हर संभव सहयोग करता है।
इस पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें प्रशासनिक कार्यों की समझ देने का प्रयास किया जा रहा है। मिशन शक्ति का यह प्रयास छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर बड़ा कदम माना जा रहा है।