शामली: दहेज के लिए विवाहिता को दिया जहर, मौत, मुकदमा दर्ज
- - पानीपत के चांदनी बाग थाने में दर्ज किया गया मुकदमा
- - पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम कैराना लाया गया शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को जहर दे दिया। पानीपत अस्पताल में विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। पानीपत की चांदनी बाग पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही उसके पिता की तहरीर पर पति सहित छह ससुराल वालों के विरुद्घ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कस्बे के मोहल्ला बेगमपुरा निवासी यासीन की पुत्री अफसाना उर्फ मुस्कान का निकाह 27 सितंबर 2016 को शामली के मोहल्ला गुलशन नगर टायर मार्केट निवासी इंतजार के साथ हुआ था। अफसाना के दो बेटे भी हैं।
उसके पिता यासीन ने बताया कि ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की खातिर उसकी पुत्री का उत्पीड़न करते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शनिवार को पति व ससुराल वालों ने उसकी बेटी को जबरदस्ती जहर पिला दिया।
यह भी पढ़ें: मेरठ: दुकान बंद कराने को लेकर पुलिस का विरोध, हंगामा, फैल गई थी ये अफवाह
अफसाना की हालत खराब होने पर ससुराल वाले घर से फरार हो गए। पड़ोसियों से मिली सूचना पर मायके वाले मौके पर पहुंचे तथा गंभीर हालत में उसे पानीपत अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को पानीपत अस्पताल में अफसाना की मौत हो गई।
पानीपत के चांदनी बाग थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतका के पिता की तहरीर पर पानीपत चांदनी बाग थाना पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार शाम विवाहिता का शव उसके मायके कैराना लाया गया जहां गमगीन माहौल में उसे सपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
हरियाणा के पानीपत के थाना चांदनी बाग एसएचओ अंकित कुमार ने बताया कि कैराना निवासी यासीन की पुत्री अफसाना उर्फ मुस्कान की मौत के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति इंतजार, देवर इस्तकार, ससुर सत्तार, सास व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे को शामली कोतवाली में भेजा जाएगा।