Meerut: पूर्व होमगार्ड की कार में ले जाकर की गई थी लाखन की हत्या, वारदात में प्रयुक्त कार बरामद... आरोपी फरार
हत्यारोपी मनवीर व पूर्व होमगार्ड जॉनी मुख्य आरोपी विनीत मलिक के पुराने दोस्त हैं। मनवीर गांव में खेती करता है। जॉनी को गलत आचरण के चलते आरोपी को होमगार्ड विभाग से निकाल दिया गया था।
विस्तार
लाखन सिंह हत्याकांड की साजिश प्रेम प्रसंग से क्षुब्ध परिजन के संग उसके मामा असलाह फैक्टरी के राजपत्रित अफसर विनित मलिक ने रची थी। विपिन मलिक के कहने पर ही उसके दोस्त होमगार्ड विभाग से निष्कासित जॉनी अपनी ईको कार से अन्य आरोपियों संग लाखन सिंह के परतापुर से मुरादनगर ले गया। वारदात में जॉनी का साथी मनवीर भी शामिल था। पुलिस ने शनिवार को जॉनी और मनवीर को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के भाई आकाश और उसके दोस्त यतिन को पहले ही जेल भेजा चुका है। अब पुलिस विनीत मलिक व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
सरधना थाना क्षेत्र के पोहल्ली गांव निवासी लाखन सिंह की प्रेम प्रसंग से क्षुब्ध होकर महिला के परिजन ने अन्य आरोपियों संग अपहरण कर हत्या कर दी थी। पुलिस का कहना है कि महिला के भाई आकाश ने सात जून को लाखन को अपनी बहन से शादी कराने का झांसा देकर परतापुर बुलाया। यहां एक होटल पर आकाश ने लाखन को शराब पिलाई। लाखन के नशे में धुत होने पर आकाश ने अपने मामा विनित मलिक को कॉल की। इसके बाद विनित मलिक के कहने पर उसका दोस्त पूर्व होमगार्ड जॉनी व मनवीर परतापुर पहुंचे।
यहां से आरोपी लाखन को जॉनी की ईको कार में मुरादनगर ले गए। आकाश लाखन की स्कूटी से मुरादनगर पहुंचा। आरोपियों ने पहले लाखन पर ईंटों से हमला किया। इसके बाद दो गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने मुरादनगर नहर में आकाश की स्कूटी फेंक दी। आरोपी लाखन के शव को नलकूप के पास फेेंककर फरार हो गए। लाखन के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने महिला के पिता संजय अहलावत, भाई आकाश अहलावत व आशीष अहलावत सहित आठ के खिलाफ हत्या, अपहरण व एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस को जांच में मनवीर व जॉनी निवासी खंजरपुर थाना मोदीनगर जिला गाजियाबाद की भूमिका सामने आई। पुलिस ने आरोपी मनवीर को उसके गांव में स्थित शिव मंदिर के पास से और जॉनी को कंकरखेड़ा में हाईवे स्थित एलआईसी ग्राउंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी विनीत ने दोनों दोस्तों जॉनी व मनवीर से अपनी भांजी व लाखन के प्रेम संबंध की जानकारी देकर हत्या की योजना में शामिल किया। सीओ दौराला शुचिता सिंह का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए एसओजी की टीम लगातार दबिश दे रही है।
गलत आचरण के कारण निकाला गया होमगार्ड
हत्यारोपी मनवीर व पूर्व होमगार्ड जॉनी मुख्य आरोपी विनीत मलिक के पुराने दोस्त हैं। मनवीर गांव में खेती करता है। जॉनी को गलत आचरण के चलते आरोपी को होमगार्ड विभाग से निकाल दिया गया था। वर्तमान में आरोपी जॉनी भी गांव में खेती कर रहा था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोस्ती के लिए हत्या की वारदात में शामिल हुए।