कैराना उपचुनाव: पुनर्मतदान में 58.75 फीसदी पड़े वोट, कल होगी मतगणना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए बुधवार को 73 बूथों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। इन 73 सीटों पर कुल 58.75 फीसदी मतदान हुुआ। कल यानी गुरुवार को कैराना लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना होगी।
कैराना उप चुनाव में गंगोह और नकुड़ विधानसभा में कड़ी सुरक्षा में 68 बूथों पर हुए पुनर्मतदान में बुधवार को 62 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें नकुड़ विधान सभा के 23 बूथों पर 63.30 और गंगोह विधानसभा क्षेत्र के 45 बूथों पर 60.87 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। एक-दो स्थानों को छोड़कर पुनर्मतदान में कहीं से भी वीवी पैट खराब नहीं हुई। पुनर्मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह था। वहीं शामली के चार बूथों पर 64.24 और थानाभवन के एक बूथ पर 46.6 प्रतिशत मतदान हुआ।
कैराना उप चुनाव में बुधवार को गंगोह और नकुड़ विधानसभा में कड़ी सुरक्षा में पुनर्मतदान हुआ। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थी। पहले दो घंटों में दोनों विधानसभाओं में 21 और 22 प्रतिशत मतदान हो गया। सरसावा के एक बूथ पर इस अवधि में 33 प्रतिशत वोट डाले गए। रालोद प्रत्याशी तबस्सुम और भाजपा प्रत्याशी ने भी क्षेत्र के अधिकांश बूथों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से बात की। दोपहर में जरूर बूथ सुनसान हुए, मगर तीसरे पहर के बाद मतदान में तेजी आई। देर शाम जिलाधिकारी पीके पांडेय ने बताया नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर 60.30 और गंगोह विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर 60.87 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान कर्मचारी रात में ईवीएम को लेकर जनता रोड स्थित वेयर हाउस में जमा कराने पहुंच गए। सोमवार को मतदान के दौरान 249 वीवी पैट खराब हुई थी। लोगों ने प्रशासन पर साजिश का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। प्रशासन की रिपोर्ट पर निर्वाचन आयोग ने इन बूथों पर पुनर्मतदान के आदेश दिए थे।
प्रत्येक बूथ पर तैनात था एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं इंजीनियर
सोमवार को हुए मतदान के दौरान वीवीपैट मशीनों में खराबी के बाद प्रशासन ने बुधवार को बहुत सतर्कता बरती। जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों के 68 बूथों पर हुए पुनर्मतदान को सुचारु कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे। चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रत्येक बूथ पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक इंजीनियर को तैनात किया गया था। जिससे किसी भी प्रकार की समस्या का मौके पर ही समाधान कराया जा सके।
कोतवाली क्षेत्र के छह बूथों पर हुए पुनर्मतदान में गांव रसूलपुर के बूथ संख्या 225 पर सबसे अधिक 68 प्रतिशत मतदान हुआ। रसूलपुर में 624 मतदाताओं में से 447 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
बुधवार को क्षेत्र के सभी छह बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। साल्हापुर के बूथ 278 पर कुल 684 में से 420 वोट पड़े। जबकि गांव सांपला बेगमपुर के बूथ 276 पर 445 में से 263 मतदाताओं ने वोट डाले। इसके अलावा रसूलपुर के बूथ 225 पर 624 मतों में से 447 मतदाताओं ने वोट डाले। गोकलपुर के बूथ 228 पर 568 में से 385 वोट पड़े। इसके अलावा सहंसरपुर जट के बूथ 325 पर 881 में से 560 मत डाले गए। डाल्लामाजरा के बूथ 326 पर 627 वोटों में से कुल 407 वोट पड़े।
कैराना लोकसभा के लिए बुधवार को हुआ पुनर्मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। हालांकि पुनर्मतदान के दौरान भी एक बूथ पर ईवीएम मशीन खराब हो जाने से करीब आधा घंटा मतदान बाधित रहा। अंबेहटी में 63.3 प्रतिशत मतदान हुआ। यहाँ 706 मतदाताओं में से 447 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बूथ पर बुधवार को भी ईवीएम मशीन खराब हो गई। जिस कारण करीब आधा घंटा मतदान बाधित रहा। इसके अलावा बूथ संख्या 356 सिरसला पर 57.8 प्रतिशत मतदान हुआ। यहाँ 651 मे से 376 मतदाताओं ने वोट डालें। जबकि बूथ संख्या 385 धैराला पर 66 प्रतिशत मतदान हुआ। अंबेहटी बूथ गंगोह विधानसभा व धौराला तथा सिरसला नकुड विधानसभा का क्षेत्र है।
पढ़ें : कैराना-नूरपुर उपचुनाव: 100 से ज्यादा बूथों पर EVM खराब, मतदाताओं का हंगामा, देखें तस्वीरें
ये बोले दोनों प्रत्याशी और पक्ष-विपक्ष
कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए बुधवार को शामली जिले के पांच बूथों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। दो स्थानों पर मामूली विवाद भी हुआ, लेकिन फिर सुचारु रूप से मतदान संपन्न कराया गया। जिले के पांच बूथों में से एक बूथ पर 28 मई को हुए मतदान से कमी रही, जबकि चार बूथों पर बढ़ोतरी हुई है।
28 मई को मतदान के दौरान वीवीपैट में खराबी आने के कारण ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने शामली जिले के पांच बूथों पर पुनर्मतदान की संस्तुति कर निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से अनुमति मिलने पर बुधवार को पांचों बूथों पर पुनर्मतदान कराया गया। सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। शुरुआत में नौ बजे तक 10 से 12 प्रतिशत के बीच मतदान हुआ, लेकिन उसके बाद मतदान में तेजी आई। 11 बजे तक शामली विधानसभा के चार बूथों पर 28.29 प्रतिशत और थानाभवन विधानसभा के एक बूथ पर 21.05 प्रतिशत मतदान हुआ। फिर एक बजे तक शामली के बूथों पर 40.78 प्रतिशत, जबकि थानाभवन के बूथ पर 30 प्रतिशत मतदान हो गया। इसके बाद तीन बजे तक शामली के बूथों पर 50.51 प्रतिशत और थानाभवन के बूथ पर 33.3 प्रतिशत मतदान हुआ। समापन पर शामली के बूथों पर 64.24 प्रतिशत और थानाभवन के बूथ पर 46.6 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान थानाभवन के बूथ पर 28 मई को हुए मतदान के मुकाबले आठ वोट कम पड़े, जबकि शामली विधानसभा क्षेत्र के चारों बूथों पर मतदान प्रतिशत 28 मई के मुकाबले बढ़ गया। शामली जनपद के दो विधानसभा और सहारनपुर के दो विधानसभा क्षेत्रों का मिलाकर कुल 58.75 प्रतिशत पुन: मतदान हुआ है।
सरस्वती विद्यामंदिर स्कूल के बूथ पर हुआ विवाद
शामली शहर में सरस्वती विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल के बूथ संख्या 85 पर मतदान को लेकर विवाद भी हुआ। रालोद नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ता मतदान केंद्र परिसर में घूम रहे हैं तथा मतदाताओं को भ्रमित कर रहे हैं। इसकी शिकायत चुनाव प्रेक्षक से भी की गई, जिसके बाद चुनाव प्रेक्षक भी निरीक्षण करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंच गए।
बूथ संख्या ------- स्थान ------------- कुल मतदाता --- 28 मई का मतदान --- पुन: मतदान
327---- प्राइमरी पाठशाला सोन्टा------------ 1209 ------------- 572---------------- 564
85----सरस्वती विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल शामली ---882-------343 -----------391
157 -- प्राथमिक स्कूल ब्रह्मखेड़ा --------------- 1060-------------- 165 ------------792
170 ---प्राइमरी पाठशाला लिसाढ़ ----------------- 914--------------399 ------------571
262 ---- प्राथमिक विद्यालय इस्लामपुर घसौली-----1323 ---------- 848 ------------859
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/