जाट नेता बोले- ये है चुनावी लॉलीपॉप, कहा- भाजपा ने केंद्र में क्यों नहीं दिया आरक्षण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में चल रही भाजपा के पिछड़ा मोर्चा की बैठक में मंगलवार को यूपी में जाटों को मिल रहे ओबीसी आरक्षण को हाईकोर्ट में दी गई चुनौती का मामला गूंजा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने जाटों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार आरक्षण के पक्ष में मजबूत पैरवी करेगी। बैठक में गए भाजपा के जाट नेताओं ने जहां इसका स्वागत किया है वहीं जाट संगठनों के नेताओं से लेकर विपक्षी नेताओं ने इसे लोकसभा चुनाव का लॉलीपॉप करार दिया है। जाटों का कहना है कि योगी ने केंद्रीय सेवाओं में जाटों को आरक्षण दिलाने पर कुछ नहीं बोला। जबकि पीएम मोदी ने खत्म किए गए आरक्षण को दोबारा से दिलाने का वादा किया था।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा का पिछड़ा मोर्चा लखनऊ में पिछड़ी जातियों के सम्मेलन कर रहा है। मंगलवार को इस कड़ी में जाटों को बुलाया गया था। पश्चिमी यूपी से पार्टी के कई जाट नेता इस बैठक में भाग लेने पहुंचे थे। मेरठ से भी महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. अंजु वारियर, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डॉ. मीनाक्षी भराला, जिला महामंत्री हरीश चौधरी और वरिष्ठ नेता अनुज राठी आदि पहुंचे थे। बैठक में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार जाटों को ओबीसी के आरक्षण के पक्ष में है। यूपी में आरक्षण देने के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर याचिका पर सरकार जाट समाज के पक्ष में मजबूत पैरवी करेगी। उन्होंने जाटों की शान में कसीदे पढ़ते हुए उनके गौरवशाली इतिहास का भी जिक्र किया और मुजफ्फरनगर दंगे का भी जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार में जाटों को झूठे मुकदमों में जेल भेजा गया, लेकिन बीते डेढ़ साल में कोई दंगा नहीं हुआ है और न ही कोई दोहरा सकता है। बैठक में शामिल हुए जाट नेताओं ने बताया कि सरकार का रुख जाट समाज के प्रति बेहद लचीला है। कोर्ट में भी आरक्षण की पैरवी मजबूती से करने का आश्वासन दिया गया है।
जाट नेताओं ने बताया चुनावी लॉलीपॉप
अखिल भारतीय जाट महासभा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह ने इसे लोकसभा चुनाव का लॉलीपॉप बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा जाटों की इतनी हमदर्द है तो हरियाणा और केंद्र में क्यों आरक्षण नहीं दिया गया। पीएम मोदी ने जाट प्रतिनिधिमंडल को चार साल पहले आश्वस्त किया था कि वे सुप्रीम कोर्ट में खारिज हुए जाट आरक्षण को फिर से बहाल कराएंगे। लेकिन अभी तक इस पर एक कदम भी नहीं बढ़ाया है। रालोद के प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. राजकुमार सांगवान ने इसे राजनीतिक स्टंट बताते हुए कहा कि ये कितने भी वादे करे जाट समाज भाजपा के बहकावे में आने वाला नहीं है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/