{"_id":"604669e18ebc3ec79c6ae8c4","slug":"international-womens-day-2021-women-representation-in-western-toll-plaza-in-meerut-city","type":"story","status":"publish","title_hn":"विश्व महिला दिवस: अभद्र भाषा सुन कई बार महिला कर्मियों को बंद करने पड़ते हैं अपने कान, फिर भी ड्यूटी पर रहती हैं मुस्तैद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विश्व महिला दिवस: अभद्र भाषा सुन कई बार महिला कर्मियों को बंद करने पड़ते हैं अपने कान, फिर भी ड्यूटी पर रहती हैं मुस्तैद
Tue, 09 Mar 2021 12:35 AM IST
कपिल kapil
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
Published by: कपिल kapil
Updated Tue, 09 Mar 2021 12:35 AM IST
विज्ञापन
सिवाया टोल प्लाजा
विश्व महिला दिवस पर पूरे देश में महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। वहीं ऐसी महिलाओं की मिसाल दी जा रही है जो अपनी मेहनत और लगन से एक मुकाम तक पहुंची और दूसरों के लिए मिसाल बनीं। महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। लेकिन अभी भी कुछ ऐसी जगह हैं जहां महिलाओं को अपनी ड्यूटी के दौरान दूसरों की अभद्र भाषा और गालियां सुननी पड़ रही है।
विज्ञापन
ऐसा ही एक स्थान है मेरठ-देहरादून हाईवे पर स्थित वेस्टर्न यूपी टोल प्लाजा। इस टोल प्लाजा पर महिला कर्मचारी भी काम करती हैं। इनमें से कुछ की ड्यूटी ऑफिस के अंदर है तो कुछ महिला कर्मचारियों की ड्यूटी टोल बूथ पर टोल कलेक्टर के रूप में हैं। जब महिला दिवस पर इन महिला कर्मचारियों से बात की तो उनका दर्द छलक आया। परिवार को दो वक्त की रोटी समय पर मिले, छोटे भाई बहन पढ़ लिख सके इसलिए इनमें से अधिकतर महिला कर्मचारियों ने ये नौकरी चुनी। टोल प्लाजा प्रबंधन भी इन महिला कर्मचारियों को हर संभव सुविधा मुहैया कराने का प्रयास करता है। लेकिन एक बड़ी और गंभीर समस्या इन महिला कर्मचारियों के सामने है। इन महिला कर्मचारियों का कहना है कि टोल बूथ पर दिनभर में ऐसे दर्जनों वाहन चालक आते हैं जो टोल टैक्स देते समय अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और गंदी-गंदी गालियां तक देते हैं। ऐसे वाहन चालक ये भी नहीं देखते कि हम महिला हैं, जिस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग वह करते हैं उसे सुनकर कई बार हमें अपने कान बंद करने पड़ते हैं लेकिन उन्हें शर्म नहीं आती।
विज्ञापन
यहां काम करने वाली पूजा, शशिबाला, रेखा, अंजलि, तनु, भारती आदि का कहना है कि वो भी किसी की बहन बेटी हैं, लोग बड़ी बड़ी लग्जरी गाड़ियों में हजारों रुपये का पेट्रोल फूंक कर सफर करते हैं लेकिन टोल टैक्स के पैसे देने पर उन्हें परेशानी होती है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें: कातिल बेटे को नहीं पिता की हत्या का कोई पछतावा, हवालात में रातभर हंसता रहा, देखिए तस्वीरें
टोल प्लाजा के सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान का कहना है कि यह समस्या पुरुष कर्मचारियों के साथ भी है, लोगों को दो मिनट का सब्र नहीं होता, टोल देने में आनाकानी करते हैं, टोल पर उन्हें रोका जाता है तो गाली-गलौज करते हैं। स्थानीय पुलिस से भी इस संबंध में कई बार शिकायत की गई है लेकिन, कोई स्थायी समाधान नहीं निकला, जिससे इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
टोल प्लाजा के सीनियर मैनेजर प्रदीप चौधरी का कहना है कि प्रबंधन अपने सभी कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर हर संभव कदम उठाए जाते हैं। महिला कर्मचारियों की ड्यूटी भी पहली शिफ्ट में रहती है। कुछ वाहन चालक हैं जो टोल मांगने पर कर्मचारियों के साथ बदतमीजी करते है, अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। जब से फास्टैग अनिवार्य हुआ है तब से काफी बदलाव हुआ है, लेकिन अभी भी ऐसे वाहन चालक झगड़े पर उतारू होते हैं जिनके फास्टैग में बैलेंस नहीं होता और वह नियमानुसार दोगुना टैक्स मांगने पर गाली-गलौज पर उतर आते हैं। कर्मचारी ऐसे लोगों को प्यार से समझाने का पूरा प्रयास करते हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/