मेरठ में बीजेपी-विहिप की 'गुंडागर्दी', मंगेतर के साथ जा रहे युवक को पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शास्त्रीनगर में प्रेमी युगल के साथ मारपीट का मामला ठंडा भी हुआ नहीं कि बुधवार को शास्त्रीनगर में पीवीएस के पास एक और मामला हो गया।
विहिप और भाजपा कार्यकर्ता बताकर आधा दर्जन युवकों ने युवती के साथ पहले छेड़छाड़ की और बाद में एंटी रोमियो अभियान के नाम पर दो सगे भाईयों को पीटा।
बाद में थाने की हवालात में बंद करा दिया। युवक अपने भाई और मंगेतर के साथ जा रहा था। बाद में मंगेतर ने थाने पहुंचकर हंगामा किया तो तब जाकर पुलिस ने उन्हें छोड़ा।
युवकों ने पहले युवती से छेड़छाड़ की फिर पीटा
लोहियानगर, खरखौदा निवासी हरीश राणा रात करीब 9 बजे अपनी मंगेतर को स्कूटी से शास्त्रीनगर में के ब्लाक पुलिस चौकी के पास उसके मकान पर छोड़ने जा रहे थे। पीवीएस मॉल के पास एक दुकान के सामने दोनों खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान सागर, विनोद और अंकित समेत आधा दर्जन युवक वहां पहुंचे। युवकों ने खुद को विश्व हिंदू परिषद और भाजपा कार्यकर्ता बताया। एंटी रोमियो अभियान की बात कहकर युवकों ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। विरोध में युवकों ने हरीश की पिटाई कर दी। हरीश का भाई अवनीश भी पहुंच गए। आरोपियों ने अवनीश की भी पिटाई कर दी। यही नहीं, आरोपियों ने फोन कर पुलिस को भी बुला लिया। पुलिस के सामने ही दोनों भाइयों को पीटते हुए आरोपी थाने लाए।
बवाल करा देंगे ये हुड़दंगी
सूचना पर युवती और युवकों के परिजन भी थाने पहुंच गए। दोनों के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस एंटी रोमियो अभियान का मजाक उड़वा रही है। हुड़दंगी शहर में बवाल भी करा सकते हैं। वह बृहस्पतिवार को उच्चाधिकारियों से भी शिकायत करेंगे।
मुख्यमंत्री से भी करूंगी शिकायत
युवती ने खुद को एक बैंक कर्मी बताया। वह थाने में चिल्ला चिल्लाकर कह रही थी कि मुख्यमंत्री ने एंटी रोमियो अभियान चलाया है। अपनी मर्जी से खड़े होकर किसी युगल के बात करने पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। इसके बावजूद भी मुख्यमंत्री का नाम लेकर विहिप और भाजपा कार्यकर्ता बेवजह लोगों से मारपीट कर रहे हैं। इसकी शिकायत मैं लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से करूंगी। इतना सुनते ही मेडिकल पुलिस ने दोनों भाइयों को हवालात से निकाला और युवती को समझाने लगी। लेकिन देर रात युवती ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी। जिस पर पुलिस ने सागर, अंकित और विनोद समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, जानलेवा हमला आदि धाराओं में केस दर्ज लिया।
भाजपा कार्यकर्ता बताकर आधा दर्जन लोग मारपीट करते रहे
एसओ मेडिकल धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता बताकर आधा दर्जन लोग मारपीट करते दोनों भाइयों को लाए थे। दोनों भाइयों पर युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप भी लगाया था। युवती थाने आई, तब जाकर मामले की सही जानकारी हुई। पुलिस ने युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।