होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू: पश्चिमी यूपी में कड़ी सुरक्षा के बीच एग्जाम, सख्त चेकिंग के बाद मिला प्रवेश
मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। 25 से 27 अप्रैल तक 43 केंद्रों पर 1.20 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। केंद्रों पर सख्त चेकिंग और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलो में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुक्रवार से शुरू हो गई। परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी, मेरठ में 43 परीक्षा केंद्रों पर 1.20 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
दो पालियों में होगी परीक्षा
जिला होमगार्ड कमांडेंट सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि परीक्षा तीनों दिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली शाम 3 बजे से 5 बजे तक चलेगी। हर पाली में 20,064 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस तरह तीन दिनों में कुल 1,20,384 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
सख्त चेकिंग के बाद मिला प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को एक घंटे पहले से प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले सभी की सघन चेकिंग की गई। पगड़ी, घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य संदिग्ध वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है और पुलिस लाइन में बनाए गए कंट्रोल रूम से परीक्षा की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
ट्रैफिक व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें: West UP Weather: सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार, 72 घंटे का लू अलर्ट, 27 अप्रैल से बूंदाबांदी के आसार
बागपत में भी सख्त सुरक्षा
बागपत जिले में भी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।बागपत, बड़ौत और खेकड़ा के परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सख्त चेकिंग के बाद ही अंदर जाने दिया गया। श्री यमुना इंटर कॉलेज में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे।
नकल रोकने के लिए कई जगहों पर अभ्यर्थियों को अपने जूते तक उतरवाने पड़े, ताकि किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोका जा सके।
24 केंद्रों पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू, एसएसपी ने देखी व्यवस्था
सहारनपुर जिले में 24 केंद्रों पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र चेक करने के बाद एंट्री दी गई। वहीं एसएसपी अभिनन्दन सिंह ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था चेक की।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए 24 केंद्र बनाएं गए हैं। शनिवार को पहली पाली सुबह 10 बजे शुरू हुई, जो दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। सुबह आठ बजे से अभ्यर्थियों को केंद्रों पर एंट्री दी गई। अभ्यर्थियों के दस्तावेज चेक किए गए। बायोमेट्रिक भी की गई। प्रथम पाली की लिखित परीक्षा के दृष्टिगत एसएसपी अभिनन्दन सिंह ने ट्रेजरी एवं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने परीक्षा से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया एवं परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की निगरानी, सीसीटीवी की सुचारू कार्यप्रणाली, अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए बनाए गए चेकिंग प्वाइंट्स पर तलाशी व्यवस्था, ड्यूटी में लगे पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया।
इसके साथ ही ट्रेजरी में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं गोपनीयता व्यवस्था का विशेष रूप से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों के परिवहन एवं वितरण की प्रक्रिया पूर्णतः सुरक्षित, पारदर्शी एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।