West UP Weather: सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार, 72 घंटे का लू अलर्ट, 27 अप्रैल से बूंदाबांदी के आसार
मेरठ और पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 48 से 72 घंटे तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है। तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 27 अप्रैल से हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शुक्रवार रहा सीजन का सबसे गर्म दिन
शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते गर्मी का असर इतना बढ़ गया कि सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए।
मोदीपुरम स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की वेधशाला के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।
अगले 72 घंटे लू का खतरा
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले 48 से 72 घंटे तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हीट वेव का असर बना रहेगा। इस दौरान तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
भीषण गर्मी के चलते बिजली और पानी की मांग में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता भी खराब स्तर पर पहुंच गई है। मेरठ शहर का एक्यूआई 338 दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक माना जाता है।
यह भी पढ़ें: UP: बोगस फर्मों से 8.62 करोड़ की कर चोरी, चार गिरफ्तार, एमबीए पास गैंग का सरगना-मेरठ का सीए भी शामिल
27 अप्रैल से मिल सकती है राहत
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार 26 अप्रैल की रात से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 27 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी और लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
डॉक्टरों की चेतावनी: हीट स्ट्रोक का खतरा
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम ने बताया कि अचानक बढ़े तापमान के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है।
एमआईईटी कॉलेज – 376
जयभीम नगर – 375
मेरठ शहर – 338
दिल्ली रोड – 334
पल्लवपुरम – 313
बेगमपुल – 310
गंगानगर – 290
बचाव के मुख्य उपाय
दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।
बाहर जाते समय सिर को सूती कपड़े या टोपी से ढकें।
हल्के रंग और ढीले कपड़े पहनें।
पर्याप्त पानी, ओआरएस और तरल पदार्थ का सेवन करें।
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
चक्कर, तेज सिरदर्द या उल्टी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।