यूपी: मोबाइल चोरी के शक में छात्रा को कमरे में बंधक बनाकर तीन घंटे तक दी यातनाएं
मेडिकल थाना क्षेत्र कालियागढ़ी निवासी कुमकुम उर्फ गुड्डी आंबेडकर इंटर कॉलेज में 11 वीं की छात्रा है। मंगलवार दोपहर जागृति विहार निवासी उसी के स्कूल में पढ़ने वाली आठवीं की छात्रा कुमकुम के घर पहुंची। उसने कहा कि दीदी मेरा स्कूल का प्रोजेक्ट बनाने के लिए मम्मी ने घर बुलाया है। कुमकुम उसके साथ चली गई।
आरोप है कि वहां कुमकुम को कमरे में बंद कर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया गया। उसके साथ गाली गलौज की। छात्रा ने आरोप को गलत बताया, इसके बाद भी आरोपी महिला ने अपनी बेटियों के साथ उसे पीटा। जबरन उससे मोबाइल चोरी की बात स्वीकार कराई और वीडियो बनाया। शिकायत करने पर उसे चोरी के आरोप में जेल भिजवाने की धमकी दी।
चेहरे पर चोट के कई निशान
पीड़ित छात्रा ने घर पर मां और भाई को आपबीती सुनाई। परिजन उसे लेकर मेडिकल थाने पहुंचे। थाने में घटना की जानकारी देते देते पीड़िता बेसुध हो गई। दस मिनट बाद उसे होश आया। छात्रा ने चेहरे और शरीर पर चोट के निशान दिखाए। छात्रा ने बताया कि उसको बेइज्जत कर बदसलूकी की गई।
थाने में नहीं मिला कोई अफसर
पीड़िता एक घंटे थाने में बिलखती रही, लेकिन सुनवाई करने वाला कोई नहीं था। न दरोगा थे और न ही एसओ मेडिकल। मंगलवार को सरकारी अवकाश होने के कारण सीओ और एसपी सिटी भी अपने ऑफिस में नहीं थे।
कार्रवाई की जाएगी
छात्रा को बंधक बनाकर मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस पूरे मामले में तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई कर रही है। आरोपी पक्ष पर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी