पुलिस चौकी के पास कई दुकानों में लगी भीषण आग, मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में कस्बा स्थित अशोक स्तंभ पुलिस चौकी के पास मार्केट में ट्रांसफार्मर के तारों में उठी चिंगारी से सात दुकानों में आग लग गई। मौके पर जमा हजारों लोगों की भीड़ ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से छह दुकानों में करीब 10 लाख रुपये का सामान जल गया।
अशोक स्तंभ पुलिस चौकी के पास मार्केट है। इसमें सब्जी, कपड़े आदि की 15 दुकानें हैं। इन्हीं में इस्लामाबाद निवासी बाबू, आर्दशनगर निवासी नेमचंद, नूर मोहम्मद निवासी सराय भटियारी, सोहनपाल डाहर, विकास व राजू निवासी सरधना की भी दुकानें है। मार्केट में सब्जी की दुकान के पास ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। बृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे ट्रांसफार्मर के तारों में उठी चिंगारी से सब्जी की दुकान में आग लग गई। यह देख आसपास के हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बढ़ती चली गई और छह दुकानों को चपेट में ले लिया। भयंकर आग को देखते हुए सूचना पर फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी सरधना और दो मेरठ से मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद करीब 3 घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद जैन, संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जैन, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष विरेंद्र चौधरी, भाजपा विधायक ठा. संगीत सोम के प्रतिनिधि शेेखर सोम, संगीत सोम सेना के प्रदेशाध्यक्ष सचिन खटीक भी पहुंचे। एसओ धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि रात में ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारी से आग लगी थी।
एफएसओ भी पहुंचे मौके पर
सरधना में आग की सूचना पर एफएसओ पुलिस लाइन संजीव कुमार भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग बुझाने में तीन गाड़ियां लगाई गईं। आग से शूज की तीन दुकान जली हैं, वहीं एक दुकान रेडीमेड कपड़ों की जली है। तीन दुकानों की सब्जियों का नुकसान हुआ है, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
2012 में जली थीं 24 दुकानें
मार्केट में सब्जी के दुकान के पास रखे ट्रांसफार्मर को हटवाने के लिए व्यापारियों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों शिकायत की थी, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों का कहना है कि अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि 2012 में भी आग से करीब 24 दुकानें जल गई थी। इससे कई लाख रुपये का नुकसान हुआ था।
बस स्टैंड के पास भी है खतरा
अमर उजाला ने पिछले माह 2 अप्रैल 2019 के अंक में ‘ट्रांसफार्मर से सटी सब्जी की दुकान, जान का नहीं डर’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर व्यापारियों और अधिकारियों को सचेत किया था। बस स्टैंड के पास रखे बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर से सटाकर व्यापारियों ने सब्जी की दुकान लगा रखी है। इसके बाद भी प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दुकान नहीं हटवाई गई तो यहां भी बड़ा हादसा हो सकता है।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/