किसान आत्मदाह का मामला: पुलिस की मौजूदगी में हुआ जगबीर का अंतिम संस्कार, सपा विधायक अतुल प्रधान भी हुए शामिल
Meerut News : मेरठ के मवाना में खुद को आग लगाने वाले किसान जगबीर की उपचार के दौरान मौत हो गई । वहीं, किसान की मौत से पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। रविवार सुबह गमगीन माहौल में किसान का गांव के ही श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
विस्तार
मेरठ के मवाना में एसडीएम दफ्तर के सामने खुद को आग लगाने वाले किसान की मौत हो गई है। किसान का शरीर 70 फीसदी जल गया था, जिसके बाद उसे मेरठ के लिए रेफर किया गया था। वहीं, शनिवार को उपचार के दौरान किसान जगबीर की मौत हो गई।
न्यूटिमा अस्पताल के प्रबंधक डॉक्टर संदीप गर्ग ने बताया कि जगबीर की मृत्यु हो गई। उधर, किसान की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। हस्तिनापुर के अलीपुर मोरना गांव में भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा मृतक किसान जगबीर का शव
शनिवार की शाम को किसान का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान मृतक किसान जगबीर के बड़े बेटे प्रिंस ने जिलाधिकारी दीपक मीणा से मिलकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। जिसके लिए एडीएम प्रशासन अमित कुमार व एसपी देहात कमलेश बहादुर को जांच के लिए लगाया गया है।
वहीं, देर रात करीब 10 बजे मृतक किसान जगबीर का शव भारी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचा। जिसे गांव के बाहर किसान जूनियर हाईस्कूल में रखा गया है। ग्रामीण और परिजनों ने हिंदू रीत- रिवाज के अनुसार, संस्कार करने की बात कहते हुए रात में संस्कार करने से मना कर दिया। पीड़ित परिजनों की ओर से कहा गया कि रविवार सुबह को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रविवार सुबह किसान जगबीर का शव परिजनों व ग्रामीणों द्वारा शांतिपूर्वक लेकिन दुखी माहौल के साथ अंतिम संस्कार के लिए गांव के श्मशान घाट में लाया गया। इस दौरान अंतिम यात्रा में विधायक अतुल प्रधान शामिल रहे।