मुजफ्फरनगर: करंट की चपेट में आकर किसान की मौत, किशोरी ने घरेलू कलह में खाया जहरीला पदार्थ
उत्तरप्रदेश के मुजफरनगर में एक किसान नलकूप से मोटर निकालते वक्त करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में किसान को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, कस्बे की ही एक किशोरी ने घरेलू कलह के बाद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई।
मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव सिकरेड़ा निवासी संजीव (30) के खेत गांव चमनपुरी के जंगल में स्थित हैं। सोमवार सुबह संजीव अपने खेत में स्थित निजी नलकूप से खराब हुआ बिजली का मोटर निकाल रहा था। इसी दौरान अचानक उसे करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
आसपास के लोगों ने उसे बमुश्किल करंट की लाइन से दूर हटाया, जिसके बाद सूचना पर पहुंचे परिजन युवा किसान को अचेतावस्था में अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने युवा किसान को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।
घरेलू कलह में किशोरी ने जहर खाकर दी जान
कस्बे के मोहल्ला झोझगान में सोमवार शाम एक किशोरी की किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी हो गई। इससे क्षुब्ध होकर किशोरी ने अपने कमरे में जाकर जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। किशोरी की हालत बिगड़ते देख परिजन तत्काल उसे पीएचसी ले गए, जहां उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।
शांति समिति की बैठक आयोजित
28 फरवरी को संत रविदास जयंती के आयोजन को लेकर थाना परिसर में सोमवार को शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने समाज के लोगों को संत रविदास जयंती का जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज के लोगों से जयंती के दौरान किसी को भी शराब पीकर हुड़दंग न करने देने की भी अपील करते हुए ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/