यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर, जांबाज अफसरों ने तीन बदमाशों को मारी गोली
उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर का सिलसिला जारी है। अब यहां क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान जांबाज अफसरों ने तीन बदमाशों को गोली मारी।
मेरठ जनपद के किठौर में क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच बुधवार को मुठभेड़ हो गई। जिसमें तीन बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस अफसरों ने बताया कि इन बदमाशों ने दो सप्ताह पहले किठौर में डकैती डाली थी। इस डकैती में घायल हुई एक महिला की मौत हो गई थी। बदमाश बावरिया गैंग के सदस्य हैं। पुलिस ने घायलों को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी देहात राजेश कुमार के मुताबिक किठौर में बंबा पटरी के पास बदमाश बीयर पीकर वारदात करने की प्लानिंग बना रहे थे। इसकी सूचना पर क्राइम ब्रांच प्रभारी जयवीर सिंह, इंस्पेक्टर किठौर राजेंद्र त्यागी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में क्राइम ब्रांच की गोलियां तीन बदमाशों के पैरों में लगी, जबकि दो बदमाश मौके से भाग गए। घायल बदमाश फैजान पुत्र अलीशन, नाहिद पुत्र कय्यूम, राजिल पुत्र कय्यूम निवासी फिरोजपुर सरसी संभल को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
किठौर की डकैती का खुलासा
एसपी देहात ने बताया कि इन बदमाशों ने ही दो सप्ताह पहले किठौर में नई बस्ती निवासी शकील के मकान में परिवार पर हमला कर डकैती डाली थी। हमले में शकील, उसकी पत्नी रेशमा और मां जायदा घायल हुई थीं। घायल रेशमा की 18 अप्रैल को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं पुलिस का शक सही निकला। डकैती का घटनास्थल देखने से पुलिस को अंदेशा था कि बावरियां गैंग ने वारदात की, क्योंकि ये बदमाश ही हमला करते हैं। एसएसपी ने बताया कि इन पर मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़ समेत कई जिलों में यह गिरोह वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पढ़ें : Encounter: फायरिंग कर भाग रहे बदमाश को पुलिस ने मारी गोली
इनामी चंदू गैंग लीडर, पत्नी करती है रेकी
पुलिस के मुताबिक घायल बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि उनके गैंग का लीडर सरदार चंदू है। सरदार चंदू की पत्नी दिन में रैकी करती है। जिसके बाद वह रात को घटना को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि चंदू सहारनपुर से 25 हजार का इनामी है। वहीं बावरिया गैंग के बदमाशों तक पहुंचने में मेरठ पुलिस की तत्कालीन सीओ विनोद कुमार सिरोही ने काफी मदद की है।
टीम में थे इंस्पेक्टर
डकैती की वारदात के बाद एसएसपी ने सीओ किठौर हरिमोहन को हटाया था। इंस्पेक्टर किठौर राजेंद्र त्यागी को लाइन हाजिर कर दिया था। इंस्पेक्टर राजेंद्र त्यागी घटना का निवारण करने के लिए क्राइम ब्रांच टीम के साथ लगे थे। घटना के बाद से इंस्पेक्टर बदमाशों को ढूंढ रहे थे। एएसपी कैंट सतपाल सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में इंस्पेक्टर और क्राइम ब्रांच की टीम शामिल थी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/