दरोगा पर भाजपा नेता के बेटे को पीटने का आरोप, थाने में जमकर हंगामा, एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई
मुजफ्फरनगर शहर के किरण सिटी में फ्लैट के आगे खड़ी कार हटाने को कहने पर नाराज हुए दरोगा ने भाजपा नेता के बेटे की पिटाई कर दी और थाने लाकर हवालात में बंद कर दिया। गुस्साए भाजपा नेताओं ने रात में ही थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। मामला केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान और प्रभारी मंत्री चेतन चौहान तक जा पहुंचा। जिस पर पुलिस ने तुरंत ही भाजपा नेता के बेटे को छोड़ दिया। हंगामे के बाद एसएसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर सीओ मंडी को मामले की जांच सौंप दी है।
मेरठ निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता व जिले के पूर्व प्रभारी रहे अरुण वशिष्ठ के बेटे अमित वशिष्ठ निजी टेलीकॉम कंपनी में बतौर एरिया मैनेजर कार्यरत हैं। उनका एक फ्लैट मुजफ्फरनगर में भोपा रोड स्थित किरण सिटी में है, जिसके ऊपर के फ्लैट में नई मंडी थाने में तैनात दरोगा कुमार गौरव रहते हैं। बुधवार देर रात अमित वशिष्ठ एक साथी के साथ फ्लैट पर पहुंचे थे, जहां उनके फ्लैट के ठीक आगे दरोगा की कार खड़ी थी। अमित वशिष्ठ ने पड़ोसी त्रिदेव चौहान के साथ दरोगा के मकान पर जाकर कार हटाने के लिए कहा, तो दरोगा भड़क उठा। आरोप है कि दरोगा ने गाली-गलौज कर अमित वशिष्ठ व त्रिदेव चौहान से मारपीट कर दी। नई मंडी थाने से अन्य पुलिसकर्मियों को बुलाकर अमित वशिष्ठ और त्रिदेव चौहान को थाने ले गए। वहां पिटाई करने के बाद दोनों को हवालात में बंद कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही आक्रोशित भाजपा नेता थाने जा पहुंचे और हंगामा कर दिया। मेरठ से अरुण वशिष्ठ भी देर रात थाने पहुंच गए। पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेंद्र सैनी, नगराध्यक्ष श्रीमोहन तायल समेत अन्य पदाधिकारियों ने हंगामा कर दरोगा व अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
यह भी पढ़ें: गांव में पिटाई और थाने में अपमान के बाद 'जॉनी' को पुलिस से हो गई थी नफरत, फिर ठान ली बदले की जिद
जानकारी मिलने पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान और प्रदेश के कोशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने एसएसपी अभिषेक यादव से फोन पर वार्ता कर मामले पर नाराजगी जताई। इस पर देर रात करीब दो बजे भाजपा नेता के बेटे और उसके साथी को छोड़ दिया गया। इसके बाद देर रात ही दरोगा कुमार गौरव को लाइन हाजिर कर दिया गया। सीओ नई मंडी हरीश सिंह भदौरिया को मामले की जांच सौंपी गई है। वहीं, गुरुवार सुबह एसएसपी व सीओ मंडी ने किरण सिटी पहुंचकर भाजपा नेता के बेटे व अन्य लोगों से घटना की जानकारी ली।
सीओ को सौंपी है मामले की जांच - एसएसपी
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि नई मंडी कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक कुमार गौरव ने किरण सिटी में रह रहे भाजपा नेता के बेटे के साथ अभद्रता की थी, जिस पर उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया है तथा सीओ नई मंडी हरीश भदौरिया को मामले की जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/