दुधमुंही जुड़वा बच्चियों की हत्या मामले में दंपती को भेजा जेल, गमगीन माहौल में किया सुपुर्द-ए-खाक
मुजफ्फरनगर के गांव भिक्की में जुड़वा बच्चियों को तालाब में फेंककर हत्या करने के आरोपी दंपती को जेल भेज दिया है। दंपती के एक साल के बेटे को उसकी नानी ने अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है। वहीं, सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर दोनों बच्चियों को गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भिक्की निवासी नाजमा पत्नी वसीम ने रविवार तड़के करीब पांच बजे अपनी 22 दिन की नवजात दुधमुंही जुड़वा बच्चियों को शौहर से हुए विवाद के बाद घर के सामने स्थित तालाब में फेंक दिया था। बाद में नाजमा व वसीम ने दोनों बच्चियों को बच्चा चोरों द्वारा उठाकर ले जाने की जानकारी दी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शक के आधार पर दंपती को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों बच्चियों को तालाब में फेंकने की बात सामने आई, जिसके बाद गोताखोर लगाकर उनके शवों को तालाब से निकाला गया था। मामले में वसीम की तहरीर पर बच्चियों के अपहरण और एसएसआई सिखेड़ा सोबीर नागर की तहरीर पर नाजमा व वसीम के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
यह भी पढ़ें: मर्डर: स्कूल से लौटे 5 वर्षीय बेटे के सामने खुला सौतेली मां का ऐसा राज..., बालक को दी दर्दनाक मौत
एसओ सिखेड़ा अजय कुमार ने बताया कि सोमवार को जुड़वा बच्चियों के हत्यारोपी मां-बाप को जेल भेज दिया गया है। वहीं, दंपती के एक साल के बच्चे को उसकी नानी वकीला ने अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है।
यह भी पढ़ें: नौ माह तक जुड़वां बेटियों को गर्भ में पालती रही मां, जन्मीं तो 20 दिन बाद ही कर डाली निर्मम हत्या
नानी वकीला के अनुसार, अब मां-बाप के जेल से आने तक वहीं मासूम बच्चे की परवरिश करेंगी। उधर, सोमवार शाम दोनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के बाद गांव भिक्की ले जाए गए, जहां वसीम के परिजन भी मंसूरपुर से भिक्की पहुंच गए। इसके बाद दोनों परिवारों ने एक साथ दोनों नवजात बच्चियों को गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/