थाने में BKU कार्यकर्ताओं का धरना: पीड़ित महिला के लिए कार्रवाई की मांग, घर में घुसने नहीं दे रहे ससुराल वाले
Meerut News : मेरठ में पीड़ित महिला की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने में धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की।
विस्तार
मेरठ जनपद के दौराला क्षेत्र में पिछले एक माह से भटीपुरा निवासी महिला को ससुरालियों ने घर में नहीं घुसने दिया। पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसको लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ दौराला थाने पर धरना दिया।
इस दौरान पदाधिकारियों ने पुलिस पर आरोप लगाए और जमकर नारेबाजी की। वहीं, देर शाम तक धरना जारी रहा।
जानी थाना क्षेत्र के भटीपुरा निवासी ज्योति की तीन साल पहले दौराला निवासी युवक से शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही आरोपी महिला से मारपीट करने लगा और घर से निकाल दिया, लेकिन इसके बाद भी ज्योति ससुराल जाने के लिए थाने के चक्कर काट रही थी।
आरोप है कि एक माह से ससुराल पक्ष के लोग उसे घर में नहीं घुसने दे रहे है। ज्योति के डेढ़ साल की बेटी भी है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर सोमवार को भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता परिजनों के साथ दौराला थाने पर पहुंचे और हंगामा करते हुए थाना परिसर में धरना दिया।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि दो दिन पहले वह थाना पुलिस से मिले थे, जिस पर पुलिस ने दो दिन का समय मांगा था। समय पूरा होने पर कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और नारेबाजी की। कहा कि ज्योति का आर्मी कैंटीन में नौकरी के लिए 14 अप्रैल को साक्षात्कार है, लेकिन कागजात पति के घर में रखी अलमारी में है। घर में न घुसने देने के कारण उसकी नौकरी पर भी संकट गहरा रहा है।
यह भी पढ़ें: UP: महिला ने नाम बदलकर की शादी, बनाया धर्मांतरण का दबाव, बहन के साथ मिलकर सौतेले बेटे का जबरन कराया खतना
पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक महिला को न्याय नहीं मिलेगा वह धरना समाप्त नहीं करेंगे। बताया कि पीड़िता का नन्दोई यूपी पुलिस में दरोगा है और मथुरा में तैनात है, जिस कारण पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने धरना समाप्त करने से इंकार कर दिया। साथ ही मुख्यमंत्री के सरधना आने पर शिकायत करने की बात कहीं। देर शाम तक कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। धरने में नरेश मवाना, ऋषिपाल, सुरेंद्र, अनूप यादव, बबलू, बब्लू, मोनू आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: UP: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का सपा-कांग्रेस पर निशाना, कहा-विपक्ष के आधे नेता जेल में आधे बेल पर