Muzaffarnagar: भाकियू तोमर के धरने पर पुलिस का लाठीचार्ज, कई हिरासत में, दो घायल
कुकड़ा में मारपीट मामले में क्रॉस एफआईआर की मांग को लेकर नई मंडी कोतवाली में धरना दे रहे भाकियू तोमर कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। दो कार्यकर्ता घायल हुए हैं और कई को हिरासत में लिया गया है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद के कुकड़ा गांव में हुई पुरानी मारपीट की घटना को लेकर राजनीति गरमा गई है। भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने क्रॉस एफआईआर की मांग को लेकर गुरुवार को नई मंडी कोतवाली के बाहर धरना दिया। लेकिन कुछ ही देर में हालात तनावपूर्ण हो गए और पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया।
इस दौरान अफरातफरी मच गई। कई कार्यकर्ता मौके से भाग खड़े हुए जबकि दो कार्यकर्ताओं को चोटें आने की सूचना है। पुलिस ने मौके से कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया है।
यह भी पढ़ें: Baghpat: गाय ने दो मुंह और तीन आंख वाला बछड़ा जन्मा, देखने उमड़ी भीड़, पैर छूकर चढ़ावा चढ़ाने लगे ग्रामीण
प्रकरण की पृष्ठभूमि यह है कि कुछ दिन पहले गांव कुकड़ा में मारपीट हुई थी, जिसमें पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ एकतरफा मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके विरोध में भाकियू तोमर कार्यकर्ता नई मंडी कोतवाली पहुंचे और आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष द्वारा की गई छेड़छाड़ की घटना को नजरअंदाज कर दिया गया है।
कार्यकर्ताओं की मांग थी कि दूसरे पक्ष के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाए। इसी को लेकर कोतवाली के बाहर प्रदर्शन चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी मंदिर के पास ठेला लगाकर और गलत तरीके से दबाव बनाकर कार्यवाही कराना चाह रहे थे, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया।
फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और माहौल सामान्य रखने की कोशिश की जा रही है।