{"_id":"881a15c9e2561b5d54fd760ee44b692a","slug":"bjp-leader-involved-with-ssp-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मेयर के प्रोटोकॉल पर एसएसपी-भाजपाइयों में गर्मागर्मी ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मेयर के प्रोटोकॉल पर एसएसपी-भाजपाइयों में गर्मागर्मी
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Tue, 06 Oct 2015 02:26 AM IST
विज्ञापन
एसएसपी ऑफिस में सोमवार को एसएसपी और भाजपाइयों के बीच जमकर बहस हुई। मेयर का कोई प्रोटोकॉल न होने की बात कहने और उन्हें कुर्सी ऑफर न करने पर भाजपाई हंगामा करने लगे। करीब पौने घंटे तक हंगामे के बाद एसएसपी ने पूरी बात सुनी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। भाजपाई माधवपुरम में भाजपा पार्षद की पिटाई के मामले में कार्रवाई की मांग लेकर आए थे।
विज्ञापन
मेयर हरिकांत अहलूवालिया, मेरठ दक्षिण भाजपा विधायक रविंद्र भड़ाना, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज सोमवार करीब 12 बजे समर्थकों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचे। उस समय एसएसपी दिनेशचंद दूबे अपने ऑफिस में फरियादियों की शिकायतें सुन रहे थे। भाजपा के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कप्तान के ऑफिस में घुस आए। इस पर एसएसपी भड़क गए। तभी कार्यकर्ताओं ने कहा कि मेयर साहब हैं, इनके बैठने के लिए कुर्सी नहीं है क्या।
विज्ञापन
यह सुनते ही एसएसपी ने कहा कि मेयर का कोई प्रोटोकॉल नहीं है। वहीं विधायक रविंद्र भड़ाना को पुलिसकर्मियों ने कुर्सी पर बैठाया। वीनस शर्मा और सुरेश जैन रितुराज ने कहा कि मेयर खड़े रहें और विधायक बैठें, ऐसा नहीं हो सकता। हंगामा होने पर एसएसपी खड़े हो गए। करीब 40 मिनट तक भाजपा नेताओं और एसएसपी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ शांति होने पर एसएसपी ने एसओ ब्रह्मपुरी से बात कर पूरे मामले की जानकारी मांगी।
विज्ञापन
इसके बाद बताया कि पार्षद से मारपीट करने वाले शंकरलाल वर्मा और उनके बेटे निशांत पर मारपीट की धारा लगी है। मेडिकल रिपोर्ट में यदि गंभीर चोट आती है, तो धारा बढ़ाई जाएगी। साथ ही 24 घंटे में उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। हंगामा करने वालों में विजय आनंद, विवेक वाजपेयी, संदीप रेवड़ी आदि शामिल रहे।
दूसरी बार हुआ मेयर-एसएसपी में विवाद
यह दूसरा मौका है, जब मेयर का एसएसपी के साथ प्रोटोकॉल को लेकर विवाद हुआ है। तीन माह पूर्व मेयर एसएसपी से मिलने पहुंचे थे। भाजपाइयों के कहने के बाद भी एसएसपी डीसी दूबे ने मेयर को बैठने के लिए नहीं कहा। हंगामा हुआ, तो एसएसपी ने यह कह दिया कि वह मेयर को पहचान नहीं सके थे।