Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Congress Gets Nearly 14 Lakh More Votes Than BJP in Rajasthan Zila Parishad Elections

राजस्थान पंचायत चुनाव: परिणाम में कांग्रेस ने पलटा पासा, जिला परिषदों में 23 जगह बहुमत; भाजपा पांच पर सिमटी

Sat, 21 Nov 2026 08:17 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: सौरभ भट्ट Updated Sat, 21 Nov 2026 08:17 AM IST
सार

राजस्थान के ग्रामीण चुनाव में इस बार वोटों का गणित बदल गया। जिला परिषद में कांग्रेस ने भाजपा को करीब 14 लाख और पंचायत समितियों में 13.30 लाख वोटों से पीछे छोड़ दिया। पिछली बार कम वोट प्रतिशत के बावजूद ज्यादा सीटें जीतने वाली भाजपा इस बार जिला परिषदों में भी पीछे रह गई।

विज्ञापन
Congress Gets Nearly 14 Lakh More Votes Than BJP in Rajasthan Zila Parishad Elections
राजस्थान पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समिति दोनों स्तरों पर भाजपा को पीछे छोड़ दिया है। जिला परिषद सदस्य चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से 13.96 लाख और पंचायत समिति सदस्य चुनाव में 13.30 लाख ज्यादा वोट मिले हैं। वोट प्रतिशत के लिहाज से भी दोनों स्तरों पर कांग्रेस भाजपा से आगे रही। खास बात यह है कि पिछले पंचायत चुनाव में जिला परिषदों में भाजपा ने कांग्रेस से कम वोट प्रतिशत के बावजूद ज्यादा सीटें और अधिक जिला परिषदों में बहुमत हासिल किया था। इस बार तस्वीर बदल गई है। कांग्रेस ने जिला परिषदों में 23 जगह स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा को पांच जगह बहुमत मिला है।

विज्ञापन

विज्ञापन

इस बार जिला परिषद के 1275 निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस को 1,07,54,243 वोट (43.40%) मिले, जबकि भाजपा को 93,58,526 वोट (37.77%) मिले। दोनों के बीच 13,95,717 वोट यानी करीब 14 लाख वोट और 5.63 प्रतिशत अंकों का अंतर रहा। पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस को 97,07,229 वोट (39.15%) और भाजपा को 83,76,656 वोट (33.78%) मिले। यहां कांग्रेस की बढ़त 13,30,573 वोट और 5.37 प्रतिशत अंक रही।

विज्ञापन
विज्ञापन

जिला परिषदों में पिछली बार भाजपा आगे थी, इस बार कांग्रेस ने पलटा पासा

वर्ष 2020-21 में हुए पंचायत चुनाव में 33 जिला परिषदों के चुनाव में भाजपा को 42.42 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को 42.59 प्रतिशत वोट मिले थे। यानी वोट प्रतिशत में कांग्रेस 0.17 प्रतिशत अंक से आगे थी, लेकिन सीटों के मामले में भाजपा ने बाजी मार ली थी।

उस चुनाव में भाजपा ने 505 और कांग्रेस ने 456 जिला परिषद सदस्य सीटें जीती थीं। भाजपा को 20 जिला परिषदों में बहुमत मिला था, जबकि कांग्रेस 12 जिला परिषदों में बहुमत हासिल कर सकी थी। बाड़मेर में दोनों दल बराबरी पर रहे थे।
 

इस बार 37 जिला परिषदों के चुनाव में कांग्रेस ने वोट प्रतिशत में 5.63 अंकों की बढ़त बनाई। कांग्रेस को 43.40 प्रतिशत और भाजपा को 37.77 प्रतिशत वोट मिले। जिला परिषद सदस्य सीटों में कांग्रेस को 794 (62%) और भाजपा को 358 (28%) सीटें मिली हैं। जिला प्रमुख के लिहाज से कांग्रेस को 23 जगह स्पष्ट बहुमत मिला है। इसके अलावा चार जिला परिषदों में कांग्रेस भाजपा से आगे है। इस तरह 27 जिला परिषदों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है। भाजपा को पांच जगह स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि दो जगह दोनों दल बराबरी पर हैं। शेष तीन जिला परिषदों की स्थिति उपलब्ध वर्गीकरण में स्पष्ट नहीं है।

यह भी पढें- पंचायत चुनाव: जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस का बोर्ड तय, सीएम, डिप्टी सीएम क्षेत्र में बीजेपी हारी

पंचायत समितियों में कांग्रेस ने पिछली बढ़त बरकरार रखी

पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस ने पिछले चुनाव में भी भाजपा से बेहतर प्रदर्शन किया था। वर्ष 2020-21 में 352 पंचायत समितियों के 6992 सदस्य पदों के चुनाव में कांग्रेस को 39.54 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि भाजपा को 38.06 प्रतिशत वोट मिले थे। कांग्रेस ने 2998 और भाजपा ने 2859 सीटें जीती थीं। इस तरह कांग्रेस को 139 सीटों की बढ़त मिली थी।

इस बार भी कांग्रेस ने पंचायत समिति चुनाव में अपनी बढ़त कायम रखी है। प्रदेश की 419 पंचायत समितियों के 7543 निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस को 39.15 प्रतिशत और भाजपा को 33.78 प्रतिशत वोट मिले। दोनों के बीच 5.37 प्रतिशत अंकों का अंतर रहा। उपलब्ध सीटों के आंकड़ों के अनुसार 7520 घोषित पंचायत समिति सदस्य सीटों में कांग्रेस को 3758 (करीब 50%) और भाजपा को 2213 (करीब 29%) सीटें मिली हैं।

पंचायत समिति स्तर पर प्रधान बनाने की स्थिति देखें तो 412 पंचायत समितियों में से कांग्रेस 230 में आगे रही, जबकि भाजपा 52 में आगे रही। इसके अलावा 84 जगह कांग्रेस की बढ़त दर्ज की गई। इस तरह पंचायत समिति स्तर पर भी कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा से बेहतर रहा।

निर्दलीयों ने पंचायत समिति चुनाव में बढ़ाई ताकत

इस बार पंचायत समिति चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों का प्रदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। उन्हें 33,97,936 वोट यानी 13.70 प्रतिशत मत मिले। वे तीसरे स्थान पर रहे। जिला परिषद चुनाव में निर्दलीयों को 10,49,731 वोट (4.24%) मिले थे।

दोनों चुनावों के वोट शेयर की तुलना में पंचायत समिति स्तर पर निर्दलीयों का हिस्सा करीब 9.5 प्रतिशत अंक अधिक रहा। इससे साफ है कि पंचायत समिति स्तर पर स्थानीय उम्मीदवारों ने बड़ी संख्या में मतदाताओं का समर्थन हासिल किया।

आरएलपी और बीएपी ने भी दर्ज कराई मौजूदगी

हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) जिला परिषद चुनाव में 16,45,301 वोट (6.64%) के साथ तीसरे स्थान पर रही। पंचायत समिति चुनाव में उसे 16,81,316 वोट (6.78%) मिले। नागौर में आरएलपी ने जिला परिषद और पंचायत समिति दोनों स्तरों पर अपनी मजबूत स्थिति दिखाई।

भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) को जिला परिषद चुनाव में 8,56,186 वोट (3.46%) और पंचायत समिति चुनाव में 8,20,546 वोट (3.31%) मिले। डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और सलूंबर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में पार्टी ने कांग्रेस और भाजपा के मुकाबले अपनी अलग राजनीतिक ताकत दिखाई।

दोनों चुनावों में कांग्रेस-भाजपा के बीच वोट शेयर का अंतर

चुनाव

कांग्रेस वोट शेयर

भाजपा वोट शेयर

कांग्रेस की बढ़त

जिला परिषद 2020-21

42.59%

42.42%

0.17 अंक

जिला परिषद 2026

43.40%

37.77%

5.63 अंक

पंचायत समिति 2020-21

39.54%

38.06%

1.48 अंक

पंचायत समिति 2026

39.15%

33.78%

5.37 अंक

ग्रामीण राजनीति में बदली चुनावी तस्वीर

पिछले पंचायत चुनाव में जिला परिषदों में भाजपा ने सीटों और बहुमत के मामले में कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया था, जबकि पंचायत समितियों में कांग्रेस आगे रही थी। इस बार जिला परिषदों में कांग्रेस ने अपनी स्थिति में बड़ा सुधार किया है। पंचायत समिति चुनाव में भी उसने बढ़त बनाए रखी है।

वोट प्रतिशत के आंकड़े बताते हैं कि जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर पिछली बार के 42.59 प्रतिशत से बढ़कर 43.40 प्रतिशत हुआ, जबकि भाजपा का 42.42 प्रतिशत से घटकर 37.77 प्रतिशत रह गया। पंचायत समितियों में कांग्रेस का वोट शेयर 39.54 से मामूली घटकर 39.15 प्रतिशत हुआ, लेकिन भाजपा का वोट शेयर 38.06 से घटकर 33.78 प्रतिशत रह गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed