प्रसिद्ध गायक परिवार हत्याकांड: आज अदालत में हुई सुनवाई, आरोपी की जमानत अर्जी खारिज, खौफनाक थी वारदात
- 30 दिसंबर 2019 की रात भजन गायक की परिवार सहित कर दी गई थी हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली निवासी भजन गायक अजय पाठक सहित चार लोगों की हत्या के मामले में हत्यारोपी हिमांशु सैनी की जमानत याचिका जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. अजय कुमार ने खारिज कर दी है। अभियोजन पक्ष ने हत्याकांड को क्रूरतम एवं जघन्य बताते हुए आरोपी को जमानत नहीं देने की मांग की थी।
30 दिसंबर 2019 की रात शामली के पंजाबी कॉलोनी निवासी प्रसिद्ध भजन गायक अजय पाठक, उनकी पत्नी स्नेहा पाठक, बेटी वसुंधरा तथा बेटे भागवत की धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के अगले ही दिन मृतक अजय पाठक का झाड़खेड़ी निवासी शिष्य हिमांशु सैनी हरियाणा के पानीपत में टोल प्लाजा के पास मृतक की गाड़ी के साथ पकड़ा गया था। अजय पाठक के बेटे भागवत का शव कार से बरामद हुआ था।
पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर अजय पाठक के घर से लूटे गए जेवर बरामद किए थे। पुलिस ने हिमांशु सैनी का चालान करके कोर्ट में पेश कर दिया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। अधिवक्ता ओपी कौशिक द्वारा दायर की गई हिमांशु सैनी की जमानत याचिका पर मंगलवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. अजय कुमार की अदालत ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये सुनवाई की।
मामले में जिला शासकीय अधिवक्ता संजय कुमार चौहान ने अदालत के सामने जमानत का विरोध करते हुए तर्क रखा कि आरोपी ने हत्याकांड को अंजाम देकर एक हंसता-खेलता परिवार खत्म कर दिया। साथ ही आरोपी अजय पाठक का शिष्य था। अजय पाठक अपने शिष्य पर पूरा विश्वास करते थे।
यह भी पढ़ें: दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने पिता-पुत्री समेत तीन को कुचला, मौके पर मौत, परिवार में मचा कोहराम
आरोपी ने गुरु शिष्य के रिश्ते में विश्वासघात किया। जिला शासकीय अधिवक्ता संजय कुमार चौहान ने बताया कि जिला जज डॉ. अजय कुमार ने हत्यारोपी हिमांशु सैनी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। जमानत पर सुनवाई के दौरान मृतक अजय पाठक के भाई हरिओम पाठक, विजय पाठक, सूरज पाठक, दिनेश पाठक के अलावा अन्य परिजन कोर्ट के बाहर मौजूद रहे।
जानिए पूरा मामला
शामली के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी में 31 दिसंबर 2019 की शाम करीब चार बजे भजन गायक अजय पाठक, उनकी पत्नी स्नेहा पाठक और बेटी वसुंधरा पाठक का शव उनके घर में मिला था। उन तीनों की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई थी, जबकि देर रात में अजय के बेटे भागवत का शव पानीपत में टोल प्लाजा पर कार से अधजली हालत में पुलिस ने बरामद कर लिया था।
पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में अजय पाठक के शिष्य हिमांशु सैनी निवासी गांव झाड़खेड़ी थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस को वसुंधरा के हाथ में बाल मिले थे। पुलिस ने वसुंधरा के हाथ में मिले बाल और आरोपी हिमांशु के बालों का सैंपल लेकर डीएनए जांच को लखनऊ प्रयोगशाला में भेजा था। पुलिस को डीएनए की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो गई है।
इस कांड के विवेचक कर्मवीर सिंह ने बताया कि डीएनए रिपोर्ट में वसुंधरा के हाथ में मिले बाल आरोपी हिमांशु सैनी के होने की पुष्टि हुई थी। साथ ही डीएनए रिपोर्ट में इस बात की भी पुष्टि हो गई थी कि कार में मिला शव अजय के बेटे भागवत का ही था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/