ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर पकड़ी गईं 28 लाख की अवैध शराब, पांच तस्कर गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बागपत जिले में पुलिस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चेकिंग अभियान चलाकर 28.80 लाख रुपये की अवैध शराब पकड़ी। पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 440 पेटी देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें जेल भेज दिया।
एएसपी रणविजय सिंह ने बताया कि सीओ सिटी ओमपाल सिंह एवं बागपत कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने फोर्स के साथ ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग अभियान चलाया। मवीकलां टोल के पास से शराब से लदा कैंटर पकड़ लिया। कैंटर से दो सौ पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। तस्कर गौरव पुत्र जगपाल निवासी कस्बा विस्वां जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस से बताया कि वह हरियाणा के कुंडली से शराब लेकर एटा जा रहा था, जहां संजय को सप्लाई करनी थी। यह शराब लोकसभा चुनाव के लिए मंगाई गई थी।
खेकड़ा कोतवाली पुलिस ने पाठशाला चौकी पर चेकिंग के दौरान शराब से लदी टाटा 407 गाड़ी पकड़ ली। जिसमें 210 पेटी देशी व अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब माफिया अनुज पुत्र ब्रजपाल निवासी चिरौड़ी थाना लोनी जनपद गाजियाबाद को गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि शराब लोनी में संदीप को सप्लाई करनी थी, जो बड़ा शराब माफिया है। वह लोकसभा चुनाव में शराब की बिक्री करता है। शराब लाने के लिए अनुज को 17 सौ से दो हजार रुपये देता है। रमाला थाना पुलिस ने ककड़ीपुर के जंगल से अमित उर्फ खड्डा पुत्र उदयवीर निवासी ककड़ीपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 12 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की।
बड़ौत कोतवाली पुलिस ने ट्यौड़ी गांव से जीशान पुत्र मेहरबान निवासी कोताना को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 पेटी देशी शराब अवैध बरामद की। दोघट पुलिस ने टीकरी गेट से पवन राठी पुत्र किरनपाल निवासी टीकरी को गिरफ्तार कर आठ पेटी देशी शराब बरामद की। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए। सभी आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें जेल भेज दिया।
पूर्व शिक्षक का बेटा बेच रहा था शराब
रमाला पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया शराब तस्कर अमित उर्फ खड्डा पूर्व शिक्षक का बेटा है। उसके पिता की मौत हो चुकी है। वह काफी दिनों से शराब बेचने का काम कर रहा था। खेत में शराब छिपा कर रखता है। मोबाइल पर ऑर्डर मिलने के बाद शराब बेचता था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/