बसपा के पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित के भाई की मौत, पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी ने मांगी थी रंगदारी
बागपत में बड़ौत विधानसभा सीट से बसपा के पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित के भाई नारायण दीक्षित की आगरा- लखनऊ हाईवे पर उन्नाव में हादसे में मौत हो गई। मृतक अपने एक साथी के साथ दिल्ली से लखनऊ के लिए निकले थे। डिवाइडर से कार टकराने पर यह हादसा होना बताया गया है, लेकिन परिजनों ने उन्नाव के डीएम और एसपी से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ठेकेदार नारायण दीक्षित ने बागपत जेल में मारे गए पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी के खिलाफ रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कराया था।
बड़ौत के पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित ने बताया कि उनके भाई नारायण दीक्षित (47) गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के बलदेव पार्क स्थित घर से कार में सवार होकर अपने एक सहयोगी के साथ लखनऊ जाने के लिए निकले। आगरा-लखनऊ हाईवे पर उन्नाव जिले में उनकी मौत हो गई। परिजनों को सूचना दी कि कार डिवाइडर से टकरा गई, इसके चलते हादसा हुआ है। कार में सवार उनका सहयोगी मामूली घायल है। पूर्व विधायक का कहना है कि उन्होंने डीएम और एसपी उन्नाव से मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
नारायण दीक्षित से मांगी थी रंगदारी
पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित ने बताया कि नारायण दीक्षित पूर्वांचल के जिलों में ठेकेदारी का कार्य करता था। सितंबर 2017 में अज्ञात मोबाइल से नारायण को कॉल कर रंगदारी मांगी, उन्होंने बात की तो उन्हें भी धमकाया गया। मोबाइल नंबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, जांच शुरू हुई तो सुल्तान और पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी का नाम सामने आया, पुलिस ने उसे जेल भेजा। इसी साल नौ जुलाई को इसी केस में मुन्ना बजरंगी को बागपत जेल लाया गया था, जहां उसकी हत्या कर दी।
दीक्षित ने बताया था खुद की जान को खतरा
बागपत जेल में नौ जुलाई को मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद बसपा के पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित ने खुद और परिवार को खतरा बताया था। लोकेश दीक्षित ने कहा कि उन्होंने उन्नाव के डीएम और एसपी से केस की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/