बड़ी खबर: कुख्यात बदन सिंह बद्दो पुलिस कस्टडी से फरार, फूलप्रूफ प्लानिंग के साथ भागा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिमी यूपी का कुख्यात बदन सिंह बद्दो गुरुवार दिनदहाडे़ पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। उसे फर्रुखाबाद जेल से फतेहगढ़ पुलिस गाजियाबाद कचहरी में पेशी पर लाई थी। पेशी कराने के बाद बद्दो ने साथ आए पुलिसकर्मियों को मेरठ के होटल मुकुट महल में शराब पार्टी दी। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों को शराब में नशीला पदार्थ पिला दिया। पुलिस ने पेशी कराने लाए दरोगा समेत छह पुलिसकर्मियों के अलावा 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बद्दो की तलाश में एसटीएफ को भी लगाया गया है। बद्दो पर एक लाख का इनाम रह चुका है।
पुलिस के अनुसार बदन सिंह उर्फ बद्दो फिलहाल फर्रुखाबाद जेल में बंद था। बद्दो को साल 2017 में रविंद्र गुर्जर की हत्या में उम्रकैद की सजा गाजियाबाद कोर्ट ने सुनाई थी। तभी से बद्दो जेल में बंद था। मेरठ के बसपा नेता और जिला पंचायत सदस्य संजय गुर्जर की हत्या में भी बद्दो पर सुनवाई होनी थी। गुरुवार को बद्दो की गाजियाबाद कोर्ट में पेशी थी। फतेहगढ़ थाने की पुलिस बुधवार शाम चार बजे बद्दो को लेकर गाजियाबाद पहुंचे थे। गुरुवार सुबह 10 बजे पेशी कराकर फतेहगढ़ पुलिस बद्दो को मेरठ में दिल्ली रोड स्थित मुकुट महल होटल लेकर पहुंची थी।
तीन घंटे बाद आया पुलिसकर्मियों को होश
बताया गया कि मुकुट महल होटल में बद्दो ने पुलिसकर्मियों के लिए मौजमस्ती, शराब पार्टी और अय्याशी का इंतजाम कराया था। इस दौरान शराब में नशे की गोलियां मिलवा दी गईं। पुलिसकर्मी जब नशे में धुत हो गए तो बद्दो अपने साथियों के साथ आसानी से फरार हो गया। करीब तीन घंटे बाद पुलिसकर्मियों को होश आया तो उन्होंने टीपीनगर थाना पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दरोगा समेत छह पुलिसकर्मियों और 12 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
उधर, बद्दो के फरार होने की खबर शहर में आग की तरह फैल गई। एसएसपी नितिन तिवारी ने बद्दो को पेशी पर लाने पुलिसकर्मियों समेत उसके मददगारों से करीब चार घंटे तक पूछताछ की। शहर में नाकाबंदी कराकर सघन चेकिंग कराई। लेकिन बद्दो का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीबीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
फूलप्रूफ प्लानिंग के साथ भागा
उम्रकैद की सजा होने के बाद बद्दो ने पुलिस कस्टडी से फरार होने के लिए फूलप्रूफ प्लानिंग बनाई थी। बद्दो को भगाने के लिए मेरठ से कई लोग फतेहगढ़ पहुंचे थे, जोकि बद्दो की गाड़ी के साथ गाजियाबाद तक आए थे। पुलिस ने बद्दो को फरार कराने में सहयोग करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य संदिग्ध लोगों से पूछताछ चल रही है। तीनों आरोपियों ने बताया कि वह फतेहगढ़ से बद्दो की गाड़ी के साथ थे। फिर वह मेरठ भी साथ-साथ आए। पुलिस कस्टडी के भागने के बाद बद्दो कहां जाएगा, इसकी जानकारी न होने की बात कही।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
एसएसपी के मुताबिक बद्दो को भगाने में फतेहगढ़ के दरोगा देशराज त्यागी, सिपाही ओमवीर, संतोष, सुनील, राजकुमार, भूपेंद्र और एहतेशाम निवासी गुदड़ी बाजार कोतवाली मेरठ, शीशपाल निवासी एटा और जवाहर लाल उर्फ पिंकू निवासी पंजाबीपुरा टीपीनगर मेरठ को गिरफ्तार किया गया है। पुलिसकर्मी नशे की हालत में हैं, जिनसे अभी पूछताछ चल रही है। तीनों आरोपियों ने बद्दो के साथ फतेहगढ़ से मेरठ तक आना कबूल किया है। बद्दो की तलाश में एसटीएफ और क्राइम ब्रांच समेत पुलिस फोर्स को लगाया है। पुलिस का दावा कि बद्दो के साथ उसका बेटा सिकंदर, साथी पपीत बढ़ला, लल्लू मक्कड़ समेत कई लोग भी भागे हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/