Meerut: गलत जबड़े पर ऑपरेशन! आयुष्मान अस्पताल की लापरवाही उजागर, CMO ने तुरंत बैठाई जांच
मेरठ के आयुष्मान अस्पताल में एक मरीज के गलत जबड़े का ऑपरेशन किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के बाद सीएमओ ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
मेरठ शहर के आयुष्मान अस्पताल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि सर्जनों ने जिस मरीज के एक जबड़े में चोट थी, उसका इलाज करने के बजाय दूसरे जबड़े का ऑपरेशन कर दिया। मरीज को इस गलती का पता तब चला, जब उसने दूसरे अस्पताल में जांच कराई।
परिजनों का कहना है कि आयुष्मान अस्पताल में इलाज के दौरान सर्जरी की गई और डॉक्टरों ने गलत जबड़े में प्लेट फिट कर दी। इससे मरीज की हालत और बिगड़ गई। जब दर्द और सूजन नहीं कम हुई तो परिवार उसे दूसरे अस्पताल ले गया, जहां एक्स-रे में यह गलती उजागर हुई।
यह भी पढ़ें: Meerut: समय पर नहीं मिली 108 एंबुलेंस, इलाज मे देरी से महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल व सिस्टम पर उठाए सवाल
मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची। सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने घटना को गंभीरता से लेते हुए दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी को पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि चिकित्सा संस्थानों में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।