यूपी: मस्जिद के मुतव्वली की बीच सड़क पर लाठी-डंडों से पिटाई, दबंगों ने किया अधमरा, ये है पूरा मामला
Meerut News : मस्जिद के मुतव्वली की बीच सड़क पर लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की गई। दबंगों ने मुतव्वली को अधमरा कर दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
विस्तार
मेरठ में मंगलवार को ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में कुछ दबंगों ने सड़क से गुजर रहे मस्जिद के मुतव्वली पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में मुतव्वली गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के पुत्र ने आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को नामजद करते हुए घटना की तहरीर दी है।
माधवपुरम सेक्टर चार निवासी कादिर के मुताबिक, उसके पिता चौधरी मोबीन क्षेत्र में ही स्थित एक मस्जिद में मुतव्वली हैं। कादिर का आरोप है कि इलाके के रहने वाले कुछ दबंग अक्सर मस्जिद के इमाम के साथ अभद्रता करते रहते हैं। जिसके चलते उसके पिता मोबीन ने दो दिन पहले आरोपियों को समझाया था।
आरोप है कि मंगलवार को मोबीन सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान अंजुम पैलेस के निकट दबंगों ने इमाम की हिमायत करने पर मोबीन को रास्ते में रोक लिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने मोबीन की जमकर पिटाई की और मौके से फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए मोबीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: UP: बिहार के बाद पश्चिमी यूपी से उठी प्रदेश में जाति गणना की मांग, लक्ष्मीकांत वाजपेयी बोले- आंकड़े अविश्वसनीय
उधर, यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित के पुत्र ने क्षेत्र के ही रहने वाले नसीम, तस्लीम, सरफराज, हसन सहित कई लोगों को नामजद करते हुए घटना की तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें: Earthquake in UP: भूकंप के तेज झटकों से दहला पश्चिमी यूपी, मेरठ में घरों और ऑफिस से बाहर दौड़े लोग