हरिद्वार में विशाल कांवड़ बना रहे मेरठ के कारीगर, एक सीजन में करते हैं इतने लाख की बिक्री
मेरठ के कारीगरों ने शहर और हरिद्वार के भीमगोड़ा में विशाल कांवड़ बिक्री के लिए सजाई हैं। व्यापारियों के मुताबिक उन्होंने तीन दिन पहले ही दुकानों में झांकी कांवड़ सजाने का कार्य शुरू कर दिया था। मेरठ के कई मोहल्लों में भी झांकी कांवड़ का निर्माण किया जा रहा हैं। जिन्हें वाहनों के जरिए हरिद्वार भेजा जाता है।
शहर के बीस से अधिक कांवड़ निर्माता हरिद्वार के भीमगोड़ा में दुकान सजाते हैं। व्यापारियों के अनुसार एक झांकी कांवड़ की कीमत लगभग 25 से 50 हजार रुपये तक होती है। मेरठ निवासी ताज मोहम्मद ने बताया कि एक व्यापारी दस लाख के आसपास की बिक्री कर लेता है। व्यापारी अल्ताफ ने बताया कि मेरठ के व्यापारी सिर्फ बड़ी झांकी कांवड़ की बिक्री करते हैं। दिल्ली के कांवड़िये इन्हीं झांकियों को सर्वाधिक पसंद करते हैं। वर्तमान में केसरिया, हरा, लाल रंग के कपड़े और मोर पंख से बनीं विशाल कांवड़ शिव भक्तों को खासा लुभा रही हैं। शेषनाग पर विराजमान भगवान शिव की कांवड़ भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अमूमन पांच तरह की झांकी कांवड़ सर्वाधिक डिमांड में हैं।
चार पुश्तों से कर रहे कांवड़ निर्माण
मोहम्मद रिजवान, शादान और ताज मोहम्मद ने बताया कि वे चार पुश्तों से कांवड़ निर्माण कार्य में जुटें हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी निर्माण का कार्य सीखते आ रहे हैं। श्रावण मास से तीन माह पूर्व ही कांवड़ निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाता है।
एक ग्रुप बनाता है 100 कांवड़
शहर में सात ग्रुप हैं जो झांकी कांवड़ बनाते हैं। एक ग्रुप में आठ से दस लोग होते हैं। प्रत्येक सीजन में एक ग्रुप सौ के करीब कांवड़ निर्माण कर देता हैं। जिसकी कीमत 25 हजार से 50 हजार के मध्य होती है।
इन मोहल्लों में बनती हैं कांवड़
शहर में पुरानी तहसील, तारापुरी, बजाजा, रजबन, गुदड़ी बाजार आदि स्थानों पर कांवड़ निर्माण का कार्य चालीस वर्षों से किया जा रहा हैं।
महंगाई के कारण बढ़ी लागत
कारीगर अल्ताफ ने बताया कि महंगाई के चलते कांवड़ निर्माण में खर्च भी बढ़ गया है। पूर्व में बड़ी झांकी कांवड़ दस से बीस हजार के बीच बनकर तैयार हो जाती थी। अब निर्माण में खर्च 25 से 45 हजार रुपये तक आ रहा है।
ये हैं झांकी कांवड़
मोरपंख कांवड़ - 30 से 35 हजार
कमल की कांवड़- 30 से 45 हजार
शेषनाग की कांवड़- 25 से 30 हजार
महाकाल कांवड़ - 25 से 50 हजार
शंकर जी कांवड़ - 40 से 45 हजार
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/