मेरठ में आज मिले कोरोना के 10 नए मरीज, 187 हुई मरीजों की संख्या, अब तक नौ लोगों की मौत
मेरठ में बुधवार रात को दस और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें आठ जैदी फार्म के, एक देवपुरी और एक शास्त्री नगर का रहने वाला है। मेरठ में अब तक 186 संक्रमित मिल चुके हैं। कानपुर में इलाज करा रहे मेरठ के मरीज को जोड़ दिया जाए तो यह संख्या 187 हो जाएगी। इनमें से एक की पुष्टि निजी लैब में हुई है।
मेरठ में बुधवार को तीन नए हॉटस्पॉट बनाए गए। इनमें खता रोड मंडी वाली गली, रविंद्र पुरी और देवपुरी रेलवे रोड को नया हॉटस्पॉट बनाया गया है। अब मेरठ में कुल 43 हॉटस्पॉट हो गए है।
वहीं मेरठ में कोरोना से बुधवार को एक और मौत हो गई है। सदर बाजार थाना इलाके के रविंद्रपुरी निवासी एक शख्स की बुधवार को मौत हुई है। तीन दिन दिन पहले इस व्यक्ति में कोरोना के लक्षण मिले थे। उसके बाद पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया था। मौत के बाद मरीज के परिजनों में भी दहशत हो गई है। मेरठ में अब तक कोरोना से नौ लोगों की मौत हो गई है। जिलाधिकारी और सीएमओ ने इसकी पुष्टि की है।
रविंद्रपुरी निवासी कोरोना रोगी राजेश 54 वर्ष, 4 मई 2020 को शाम 6 बजे मेडिकल अस्पताल में भर्ती थे। खांसी और बुखार के साथ सांस फूलने की मुख्य शिकायतें थीं। सीएमओ ने बताया कि मरीज के रक्तचाप में अचानक गिरावट आ गई थी। वेंटिलेटर पर लिया गया, लेकिन रोगी की हालत में सुधार नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई। शव को मोर्चरी में शिफ्ट कर दिया गया है।
इससे पहले सोमवार को भी कोरोना संक्रमण से एक मौत हो गई थीं। मृतक ब्रह्मपुरी इलाके का 30 वर्षीय युवक था। वह मेडिकल की इमरजेंसी में भर्ती था। मेडिकल के प्राचार्य डाॅ. आरसी गुप्ता ने बताया कि सोमवार देर रात हालत बिगड़ने पर युवक की मौत हो गई। जिसके बाद मंगलवार दोपहर को उसकी सैंपल जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग मृतक के परिजनों के सैंपल जांच के लिए भेजने की तैयारी में जुट गया है। वहीं उससे मिलने जुलने-वालों के भी सैंपल जांच को भेजे जाएगें।
बता दें कि मेरठ में इससे पहले शनिवार को मेडिकल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती युवक ने दम तोड़ दिया था। 58 वर्षीय यह व्यक्ति इस्लामाबाद का रहने वाला था। रविवार को उसकी कोरोना की जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब ब्रह्मपुरी निवासी युवक की मौत के बाद उसकी रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटिव आने के बाद मेडिकल में हड़कंप मचा हुआ है।
हालांकि इमरजेंसी का स्टाफ भी पूरी प्रोटेक्शन के साथ कार्य करता है और अलग से संदिग्ध मरीजों के लिए वार्ड बनाया हुआ है लेकिन डर का माहौल है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/