Meerut News: अखिलेश यादव का कार्यक्रम स्थगित, अब 26 को आएंगे मेरठ, ये है दौरे की खास वजह
Meerut News : अखिलेश यादव का कार्यक्रम स्थगित हो गया है। अब अखिलेश यादव 26 जुलाई को मेरठ आएंगे। जानिए उनके आने की खास वजह क्या है।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 20 जुलाई (बृहस्पतिवार) का मेरठ आने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। जारी किए गए नए कार्यक्रम के तहत अब वह 26 जुलाई को दोपहर 12 बजे मेरठ आएंगे।
उन्हें सरूरपुर क्षेत्र गांव पांचली बुजुर्ग में सपा नेता फुरकान की बहन की शादी में 20 जुलाई को शामिल होना था, अब वह बाद में आशीर्वाद देने आएंगे और 12:30 बजे यहां से रवाना हो जाएंगे। हालांकि सपा नेता चाहते हैं कि वह मेरठ आएं तो राली चौहान और धनपुर गांव भी सांत्वना देने के लिए जाएं। इन दोनों जगह अलग-अलग हादसों में छह-छह लोगों की मौत हुई है।
धनपुर गांव में मृतक यादव समाज के लोग हैं, जबकि राली चौहान में मृतक सैनी समाज के हैं। हालांकि जो नया कार्यक्रम भी जारी हुआ है उसमें भी राली चौहान और धनपुर गांव जाने का उनका कार्यक्रम नहीं है।
यह भी पढ़ें: नहीं थम रहीं सिसिकियां: 12 मौतों के बाद बचा सिर्फ गम, हादसे को याद कर सिहर उठते हैं परिजन, दर्दनाक थे वो पल
सपा जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का विपक्ष के दलों की बैठक में व्यस्त होने के कारण कार्यक्रम में यह बदलाव किया गया है।
नए गठबंधन के बाद पहली बार आएंगे
विपक्ष के नए गठबंधन इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) बनने के बाद पहली बार अखिलेश यादव मेरठ आएंगे। हालांकि अभी तक उनका सिर्फ आधे घंटे का सपा नेता की बहन और बहनोई को आशीर्वाद देने का ही कार्यक्रम तय है, कहीं और जाने का नहीं है।
यह भी पढ़ें: UP: तमंचा तानकर लगवाए जय श्रीराम के नारे, गले में भगवा गमछा डाल पीटा, मस्जिद से घर लौट रहा था शहरकाजी का बेटा