{"_id":"419a79228e20a33a7af50d54a7b95ce1","slug":"accident-meerut-hindi-news-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"एक्सीडेंट में पांच मौत, घरों में मातम ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एक्सीडेंट में पांच मौत, घरों में मातम
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Tue, 02 Feb 2016 02:19 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
परीक्षितगढ़ में स्वागत पोल से टकराकर कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। वहीं गढ़मुक्तेश्वर मार्ग स्थित हसनपुर कलां के निकट रोडवेज की लो-फ्लोर बस की टक्कर से बाइक सवार ताऊ-भतीजे ने दम तोड़ दिया। तीसरे हादसे में परतापुर तिराहे पर डग्गामार बस ने युवक को कुचल दिया।
विज्ञापन
पहली दुर्घटना
परीक्षितगढ़ के गांव राजपुर निवासी विजय की बेटी की शादी कालंद के लवी पुत्र राजकुमार के साथ तय हुई थी। रविवार शाम शादी समारोह शिवधाम मंडप में था। लवी के दोस्त राहुल उर्फ गुल्लू (22) पुत्र सुरेश निवासी कालंद और विकास (18) पुत्र शीशपाल निवासी कालंदी फोर्ड फिगो से शादी में पहुंचे थे। राहुल और विकास रात करीब एक बजे गांव लौटने लगे। कस्बे के गुरुद्वारा साहिब के सामने नगर पंचायत द्वारा बनाए गए स्वागत द्वार के पोल से उनकी कार टकरा गई। आसपास मौजूद लोग दौड़े और क्षतिग्रस्त कार के शीशे तोड़कर राहुल और विकास को निकाला। उसके बाद दोनों को मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी पाकर बाराती अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बगैर पोस्टमार्टम कराए शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। रिपोर्ट भी नहीं दर्ज कराई। जवान बेटों की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
विज्ञापन
बीसीए छात्र था राहुल, हीरो कंपनी कर्मचारी था विकास
हादसे में मारा गया कालंद निवासी राहुल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह मेरठ स्थित राधा-गोविंद इंजीनियरिंग कॉलेज में बीसीए फाइनल ईयर का छात्र था। वहीं, विकास छह भाइयों में सबसे छोटा था। वह गुड़गांव स्थित हीरो कंपनी में नौकरी करता था। दोनों के पिता किसान हैं।
विज्ञापन
दूसरा हादसा
उधर, खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव खड़खड़ी निवासी किसान भंवर सिंह (30) पुत्र कृपाल और उसका ताऊ जयपाल सिंह (65) बाइक पर गांव कुनकुरा जा रहे थे। हसनपुर स्थित कोल्ड स्टोर के निकट सामने से रोडवेज की लो फ्लोर बस ने टक्कर मार दी। बाइक चला रहे भंवर सिंह की मौके पर मौत हो गई। जयपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। वहां जयपाल ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, चालक बस छोड़कर फरार हो गया। जयपाल के पुत्र श्रीचंद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तीसरी दुर्घटना
वहीं, जानी थाना क्षेत्र के गांव किठौली निवासी राजीव कुमार (35) पुत्र ओमप्रकाश बाईपास स्थित सुभारती विवि में नौकरी करता था। सोमवार शाम वह दिल्ली रोड पर परतापुर तिराहे पर ऑटो के इंतजार में खड़ा था। दिल्ली की तरफ से आई तेज रफ्तार डग्गामार बस ने अचानक आकर उसे कुचल दिया। लोगों ने शोर मचाया, तो चालक ने मेरठ की तरफ बस दौड़ा दी। पुलिस चौकी पर तैनात फैंटम सिपाहियों ने बस का पीछा किया।
इस कोशिश में सिपाही बस की टक्कर से बाल-बाल बचे। बाद में परतापुर पुलिस ने घेराबंदी की तो चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए। लोगों ने बस में तोड़फोड़ की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने ऐसा करने से रोक दिया। पुलिस बस को थाने ले गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजीव की मौत की जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया।
मौत बांट रहीं डग्गामार बसें
जिस बस से कुचलकर राजीव की दर्दनाक मौत हुई, उस पर रोडवेज से अनुबंधित लिखा था। जब इस संबंध में भैंसाली डिपो के एआरएम अनिल अग्रवाल से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि यह बस अनुबंधित नहीं, डग्गामार है।