{"_id":"5b9c21f7867a557ebb22dc7d","slug":"71536958967-meerut-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"कूड़ा रोकने को एमसीटीएसएल कर्मचारी लगा रहे पहरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कूड़ा रोकने को एमसीटीएसएल कर्मचारी लगा रहे पहरा
Updated Sat, 15 Sep 2018 02:32 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। शहर से निकलने वाले कूड़े के निपटान को लेकर नगर निगम संकटों में घिरा है। गांवड़ी में कूड़ा डालने से मना करने पर अब निगम अधिकारी इधर-उधर कूड़ा डलवाने की जुगत में लगे हैं। वहीं मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एमसीटीएसएल) ने लोहिया नगर स्थित बस अड्डे की जमीन पर कूड़ा डालने पर कड़ा एतराज जताते हुए नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। इसके बाद भी कूड़ा डालना बंद नहीं होने पर अब कंपनी ने अपने कर्मचारियों को पहरे पर बैठा दिया है। आधा दर्जन कर्मचारी सुबह से लेकर शाम तक निगम की कूड़ा गाड़ियों को वापस करने में लगे हैं। ऐसे अब सवाल उठता है कि शहर का कूड़ा कहां डाला जाएगा।
एमडीए ने एमसीटीएसएल को बस अड्डे के लिए लोहियानगर में पांच एकड़ जमीन दी है। इस जमीन पर कंपनी बस अड्डा बनाने की कवायद में जुटी है। लेकिन इस खाली जमीन नगर निगम ने शहर से निकलने वाला कूड़ा डलवाना शुरू कर दिया था। मामले की सूचना मिलने पर कंपनी के एमडी विजय कुमार ने नगर आयुक्त के साथ ही मंडलायुक्त और डीएम को पत्र भेजकर इस जमीन पर कूड़ा नहीं डालने की अपील की है। इसके बाद भी जब कूड़ा डलना बंद नहीं हुआ तो कंपनी ने एसएसआई रंजना शर्मा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम बनाकर कूड़ा रुकवाने की जिम्मेदारी सौंपी है। रंजना समेत टीम के सदस्य चंद्रपाल सिंह, कृष्ण कुमार शर्मा, गजेंद्र सिंह और हेमराज सिंह पिछले दो दिन से पहरा देकर कूड़े से भरे वाहनों को वापस करा रहे हैं। एमडी विजय कुमार ने बताया कि उन्हें बस अड्डे की जमीन पर कूड़ा डालने की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर कूड़ा डलवाने पर रोक लगाने की मांग की है। अब कूड़ा रोकने के लिए टीम बनाई गई है, जो वहां पहुंचने वाले कूड़ा वाहनों को रोककर वापस कर रही है।
विज्ञापन
उधर, नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान का कहना है कि नगर निगम अपनी जमीन में कूड़ा डाल रहा है। लोहियानगर में निगम की 3000 वर्ग मीटर जमीन है, जहां कूड़ा डाला जा रहा है। एमसीटीएसएल की तरफ से एक पत्र मिला है, जिसका जवाब दे दिया गया है। अगर एमसीटीएसएल की जमीन में कूड़ा डाला जा रहा है तो उसे दिखवाया जाएगा।
विज्ञापन