Mau News: जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
Mau News: मऊ पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। कोर्ट ने जिला पंचायत सदस्य की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। उधर, अध्यक्ष का दावा है कि आरोप गलत है।
विस्तार
कोर्ट के आदेश पर जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय के खिलाफ दलित उत्पीड़न में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार गोवल की तहरीर पर दर्ज किया गया है। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष ने आरोपों को निराधार बताया है।
दर्ज मुकदमे के अनुसार, कोपागंज क्षेत्र के भेलाबांध निवासी जितेंद्र कुमार गोयल वार्ड तेरह इंदारा से जिला पंचायत सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत के अभियंता ने 27 मार्च 2023 को शहीद मार्ग इंदारा से रामानंद के घर तक पिच कार्य का टेंडर निकाला था।
इसे भी पढ़ें; UP News: मां आफ्शा के फर्जी हस्ताक्षर करने के आरोप में मुख्तार का बेटा उमर गिरफ्तार, आज कोर्ट में होगा पेश
आरोप है कि जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने उसे जातिगत दृष्टि से अपमानित करने के लिए इस आदेश को कूटरचित करके कार्य नहीं होने दिया। इसी तरह मेरे अन्य प्रस्तावों के साथ किया गया। साथ ही, जातिगत गाली-गलौज कर काम न करने के लिए कहा गया।
इस मामले में आठ अप्रैल को कोपागंज थाने में इसकी शिकायत की गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश पर शनिवार की देर शाम कोपागंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय का कहना है कि सभी जिला पंचायत सदस्यों के वार्ड में विकास कार्य विना भेदभाव के हो रहे हैं। मेरे ऊपर लगाए हर आरोप गलत हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक इलामारन जी का कहना है कि मामला संज्ञान में है, कोर्ट के आदेश पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।