मऊ। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को नगर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर संगोष्ठी के आयोजन किए गए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने पर बल दिया गया। शारदा नारायन हॉस्पिटल एव रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में वैचारिक संगोष्ठी में रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह ने कहा कि वायु प्रदूषण का निवारण सभी को मिलकर करना होगा। इसके लिए जरूरी है कि हर व्यक्ति एक पौधा जरूर लगाए। कुंवर मित्रेश सिंह ने कहा कि जनजीवन को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण का सुरक्षित रहना बहुत जरूरी है। नगर पालिकाध्यक्ष तैयब पालकी ने कहा कि इंसान और पर्यावरण के बीच गहरा संबंध है। इस दौरान डॉ. सुजीत सिंह, शमीम अहमद, अजीत सिंह, प्रदीप सिंह, डॉ. अजय सिंह, इंद्रमणी आदि मौजूद रहे। उधर, नगर के ब्रहमस्थान स्थित प्रकाश नर्सिंग स्कूल के सभागार में डॉ. मनीष कुमार राय ने 400 से अधिक छात्र/छात्राओं को पीपल, पाकड़, आम के नि:शुल्क पौधे दिए और उनसे इनकी रक्षा का वचन लिया। कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा एवं संरक्षण का ध्यान रखना हम सबका दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन को बचाने के लिए जागरूकता जरूरी है। इस दौरान प्राचार्य डॉ. रवि कुमार, बीआर सुधा, गरिमा, सुमन, रेनू, शिप्रा, मनश्वी सिंह, अभिषेक राय, पीयूष गुप्ता उपस्थित रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर के प्रकाश नर्सिंग कालेज में छात्राओं को पौधा प्रदान करते प्रबंधक डा.म?- फोटो : MAU